मेरठ 27 नवंबर (आरएनएस )। भाजपा ने लंबी प्रतीक्षा के बाद आखिरकार मेरठ के जिलाध्यक्ष की घोषणा कर दी। बुधवार देर रात अति पिछड़ा वर्ग के हरवीर पाल को जिलाध्यक्ष घोषित कर दिया। भाजपा के क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी गजेंद्र शर्मा ने बताया कि पश्चिम क्षेत्र में मेरठ जिला इकाई में हरवीर पाल को जिलाध्यक्ष व हापुड़ में कविता माधरे को जिलाध्यक्ष घोषित किया है।
मेरठ में हरवीर पाल की गिनती अति पिछड़ा वर्ग के दिग्गज नेताओं में होती है। वे उत्तर प्रदेश पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य रह चुके हैं और इस समय भाजपा पिछड़ा वर्ग के क्षेत्रीय अध्यक्ष हैं। भावनपुर के निवासी हरवीर पाल तीन बार जिला इकाई में महामंत्री रहे हैं और लंबे समय से जिलाध्यक्ष पद के दावेदार थे।
भाजपा ने हरवीर को जिलाध्यक्ष बनाकर अति पिछड़ा कार्ड चला है। इससे पार्टी के उन बड़े दिग्गजों को करारा झटका लगा है, जो अपने समर्थकों के लिए लॉबिंग में लगे थे। इसी खींचतान के कारण ही महानगर अध्यक्ष के साथ जिलाध्यक्ष की घोषणा नहीं हो पाई थी।
जिलाध्यक्ष पद के लिए आए थे 57 आवेदन
मेरठ में भाजपा के जिलाध्यक्ष पद के लिए 10 जनवरी 2025 को आवेदन प्रक्रिया हुई थी। मेरठ में जिलाध्यक्ष बनने के लिए 57 भाजपा नेताओं ने आवेदन किए थे। इनमें निवर्तमान जिलाध्यक्ष शिवकुमार राणा, समीर चौहान, नरेश त्यागी एडवोकेट, अजीत सिंह, इंद्रपाल बजरंगी, हरवीर पाल आदि शामिल रहे।
अपने चहेतों को जिलाध्यक्ष बनाने के लिए प्रदेश अध्यक्ष से लेकर भाजपा के राष्ट्रीय स्तर के नेता भी सक्रिय रहे। इसी कारण जिलाध्यक्ष की घोषणा नहीं हो पाई। हरवीर पाल के जिलाध्यक्ष बनने पर पूर्व सांसद राजेंद्र अग्रवाल, भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अवनीश त्यागी, हर्ष गोयल, बॉबी पाल, रूपेश पाल, डॉ. राहुल त्यागी, डॉ. चरण सिंह लिसाड़ी आदि ने बधाई दी है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

