बलदीराय/सुल्तानपुर दिसंबर (आरएनएस )। हलियापुर थाना क्षेत्र के एक गांव में आई बारात से वापस देर रात बाइक से वापस घर जा रहे हादसे में एक युवक की मौत हो गई तो वहीं दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार रविवार को हलियापुर थाना क्षेत्र के उसकामऊ में जनपद रायबरेली के किसी गांव से बरात आई हुई थी जहां से निमंत्रण कर, जनपद रायबरेली की तहसील महाराजगंज क्षेत्र के मोन निवासी संतोष सिंह पुत्र शिवराज सिंह उम्र लगभग(45 वर्ष) व प्रवीण सिंह वापस घर जा रहे थे कि हलियापुर थाना क्षेत्र के पूरे झूरहू मजरे हलियापुर के पास देर रात लगभग बारह बजे अयोध्या जगदीशपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (330ए) पर पीछे से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो का बाये तरफ का अगला टायर फट जाने से अनियंत्रित होकर बाइक में टक्कर मार दी। जिसमें दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं बोलेरो चालक बोलेरो लेकर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज हेतु सौ शैय्या पिठला कुमारगंज जनपद अयोध्या भिजवाया । जहां चिकित्सकों ने संतोष पुत्र शिवराज को जांचोपरांत मृत घोषित कर दिया तथा घायल प्रवीण को प्राथमिक उपचार बाद हालात गंभीर देखते हुए दर्शन नगर अयोध्या ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। जहां से हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे लखनऊ पीजीआई के लिए रेफर कर दिया, वहां इलाज चल रहा है। मौत की खबर सुनते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया । मृतक संतोष चार भाइयों में सबसे छोटा था। मृतक की पत्नी आशा व एक पुत्री व एक पुत्र हैं जिनका रो रोकर बुरा हाल है। वहीं बोलेरो चालक बोलेरो लेकर भाग कर घटनास्थल से लगभग पांच किलोमीटर दूर हलियापुर थानाक्षेत्र के जरई खुर्द निवासी पचई पुत्र मिहीलाल के दरवाजे पर खड़ी कर फरार हो गया। इस संबंध में थाना प्रभारी तरुण पटेल ने बताया कि विधिक कार्यवाही बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है मृतक के भाई बृजमोहन सिंह की तरफ से तहरीर मिली है। बोलेरो को जरईखुर्द से पुलिस द्वारा कब्जे में ले लिया गया है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

