गोण्डा 2 दिसंबर। पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देशन में जनपद पुलिस ने त्वरित एवं संवेदनशील पुलिसिंग का परिचय देते हुए नेपाल से विवाह कार्यक्रम में शामिल होने आई महिला का आभूषणों से भरा गुमशुदा बैग कुछ ही समय में खोजकर पीडि़ता को सुपुर्द किया। नेपालगंज, जिला बाँके (नेपाल) निवासी रेखा कुमारी तमोली पत्नी दीपक तमोली अपने जीजा आकाश पुत्र कृष्ण कुमार, निवासी जानकीनगर (भूतहाताल), निकट सूरज होटल, थाना कोतवाली नगर, गोण्डा के यहां शादी में आई थीं। रोडवेज बस स्टेशन से ऑटो द्वारा जाते समय उनके पास रखा लगभग ?2,50,000 मूल्य का आभूषणों (सोने का हार 15 ग्राम, सोने की अंगूठी 10 ग्राम सहित अन्य सामग्री) से भरा बैग ऑटो में ही छूट गया। पीडि़ता की सूचना पर पुलिस अधीक्षक के दिशा-निर्देश पर यातायात पुलिस द्वारा तत्काल कार्यवाही की गई। यातायात टीम ने सीसीटीवी कैमरों की मदद से ऑटो पर अंकित टोकन संख्या 436 की पहचान कर संबंधित ऑटो का पता लगाया। तत्पश्चात ऑटो चालक मोनू पुत्र शिवप्रसाद, निवासी ग्राम सोनई इमलिया मिश्रा, थाना कोतवाली देहात, जनपद गोण्डा को पूछताछ हेतु यातायात कार्यालय बुलाया गया। आवश्यक पूछताछ के उपरांत गुमशुदा बैग बरामद कर समस्त सामग्री सहित पीडि़ता को सुरक्षित रूप से सुपुर्द किया गया। बैग की बरामदगी पर पीडि़ता द्वारा गोण्डा पुलिस द्वारा की गई त्वरित एवं जनसेवा की भावना से युक्त कार्यवाही की सराहना की गई। साथ ही बताया गया गोण्डा पुलिस नागरिकों की सुरक्षा, सहायता एवं विश्वास के संरक्षण हेतु सदैव तत्पर है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

