सुलतानपुर 2 दिसंबर (आरएनएस)। लंभुआ कोतवाली क्षेत्र के एक व्यक्ति की लखनऊ में इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर मारपीट कर आग लगाने का गंभीर आरोप लगाया है। इस संबंध में मृतक के भाई ने पुलिस को तहरीर दी है।
बडग़ांव निवासी शंकर प्रजापति ने कोतवाली लंभुआ में दी अपनी तहरीर में बताया कि उनके भाई नंदलाल प्रजापति 29 नवंबर को शादी समारोह में अपनी ससुराल पुरैना चंद्रभान गए थे। नंदलाल की पत्नी सरिता पहले से ही अपने मायके में मौजूद थी। शंकर प्रजापति उसी रात घर लौट आए थे, जबकि नंदलाल ससुराल में ही रुक गए थे। दो दिन बाद जब नंदलाल घर नहीं लौटे, तो परिजनों ने उनसे फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया। नंदलाल के साले मनोज प्रजापति ने उन्हें बताया कि 30 नवंबर की शाम नंदलाल ने खुद को आग लगा ली थी। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए लखनऊ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। शंकर प्रजापति ने अपनी तहरीर में आशंका जताई है कि नंदलाल की पत्नी सरिता और उनके भाई राम अनुज प्रजापति, दिलीप प्रजापति, मनोज प्रजापति (जो स्व. राममूरत के पुत्र हैं) ने मिलकर नंदलाल के साथ मारपीट की और फिर उन्हें आग लगाकर जला दिया। उनका आरोप है कि नंदलाल अस्पताल में जीवन के लिए संघर्ष कर रहे थे।
सोमवार शाम लखनऊ में इलाज के दौरान नंदलाल प्रजापति की मौत हो गई। मृतक के शव का आज पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। परिजनों ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच करने और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

