रुद्रपुर 3 दिसंबर (आरएनएस)। एक महिला ट्रेनर ने किच्छा की एक वेलफेयर सोसाइटी के संचालक दो भाइयों पर वेतन हड़पने और बैंकिंग अधिकारों का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया है। मंगलवार को वह कार्रवाई की मांग को लेकर एसएसपी कार्यालय पहुंची। शिकायत में महिला ने कहा कि वर्ष 2023 से वह सोसाइटी में ट्रेनर के रूप में कार्यरत रही। नियुक्ति के समय उसका वेतन 12 हजार रुपये बताया गया, जबकि खाते में केवल 10 हजार रुपये ही जमा किए जाते थे। आरोप है कि खाता खुलवाते समय संचालकों ने उससे कई दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराए और बाद में एटीएम, पासबुक, चेकबुक व अन्य बैंकिंग सामग्री उसे नहीं दी। खाते से जुड़े सभी अधिकार दोनों भाइयों ने अपने कब्जे में रख लिए और मोबाइल नंबर भी अपने नाम से दर्ज करा लिया। महिला के मुताबिक, फरवरी 2025 के बाद उसे कार्यालय न आने को कहकर वेतन खाते में भेजने की बात कही गई। जुलाई 2025 में स्टेटमेंट निकालने पर पता चला कि उसके खाते में वास्तविक वेतन 28 हजार रुपये प्रतिमाह जमा होता था, जिसे आरोपी नेट बैंकिंग से निकाल लेते थे। उसके पुराने खाते में केवल 10 हजार रुपये ट्रांसफर किए जाते थे। इस तरह करीब 6.75 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई। एसपी क्राइम निहारिका तोमर ने बताया कि शिकायत पर संबंधित थाने को जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

