लखनऊ,06 दिसंबर (आरएनएस)। थाना रहीमाबाद क्षेत्र के ग्राम गहदों में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब एक 20 वर्षीय युवक का शव गांव के पास आम के बाग में फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान सुभाष, पुत्र रजेपाल, निवासी ग्राम गहदों के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार युवक शुक्रवार सुबह घर से निकला था और उसके बाद वापस नहीं लौटा।परिवार ने बताया कि सुभाष 05 दिसम्बर को सुबह करीब 10 बजे छोटा हाथी (डाला) लेकर घर से निकला था। देर शाम तक उसके न लौटने पर परिजन चिंतित हुए और आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन भी की, लेकिन कोई पता नहीं चला। शनिवार सुबह करीब 6.30 बजे ग्रामीणों ने गांव के पास आम के बाग में एक पेड़ से लटके युवक को देखा और इसकी जानकारी परिजनों तथा पुलिस को दी।सूचना मिलते ही थाना रहीमाबाद पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए पूरी घटनाक्रम की वीडियोग्राफी कराई और शव को नीचे उतारने की प्रक्रिया शुरू की। इसके बाद परिजनों की उपस्थिति में पंचायतनामा की कार्यवाही पूरी की गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
घटना से पूरे गांव में शोक और सदमे का माहौल है। परिजन बेटे की मौत से बदहवास हैं और लगातार रो-रोकर बेहाल हो रहे हैं। पुलिस का कहना है कि प्राथमिक दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, लेकिन घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।स्थानीय पुलिस ने बताया कि मृतक के परिजनों से पूछताछ के साथ अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई जारी है। वहीँ, गांव में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं भी जारी हैं। पुलिस पूरे मामले को गंभीरता से देखते हुए जांच में जुटी हुई है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

