विधायक का दावा, 300 करोड़ खर्च कर अयोध्या में ढाई गई ढांचे के तर्ज पर बनेगी मस्जिद
कोलकाता/मुर्शिदाबाद ,06 दिसंबर (आरएनएस)। अपने ऐलान के अनुसार ही मुर्शिदाबाद जिले के बेलडांगा में आज तृणमूल से निकाले गए विधायक हुमायूं कबीर ने बाबरी मस्जिद की नींव का पत्थर रखा गया है। कहा जा रहा है कि उक्त मस्जिद पर सगभग 300 करोड़ रुपए खर्च होंगे। अयोध्या में बाबरी मस्जिद के विध्वंस की 33वीं वर्षगांठ के दिन उक्त कार्यक्रम को लेकर व्यापक स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था को अंजाम दिया गया। इस दौरान हजारों की भीड़ मौजूद रही। हुमायूं के समर्थकों ने जमकर नारेबाजी की। देश विदेश से आए मौलानाओं के साथ हुमायूं कबीर ने कार्यक्रम का फीटा काटा। यह समारोह दोपहर करीब 12 बजे कुरान पाठ के बाद शुरू हुआ, जिसमें हजारों लोग जमा हुए।लोग सैकड़ों किलोमीटर की दूरी तय कर इस मस्जिद निर्माण के फाउंडेशन समारोह में शामिल होने के लिए पहुंचे। इस दौरान काफी लोगों को अपने सिर पर ईंटों को रख कर वहां हुमायूं कबीर की प्रस्तावित बाबरी मस्जिद की ओर आते देखा गया। लोगों ने कहा कि, वह लोग अपनी मर्जी से मस्जिद के लिए ईंटों को लाए हैं। इस दौरान उत्तर-दक्षिण मुख्य राजमार्ग एनएच (राष्ट्रीय राजगमार्ग)-12 जाम लग गया। जैसे रफ्तार थम गई हो। व्यापक संख्या में मौजूद लोगों के कारण एक तरह से ट्राफिक व्यवस्था ठप पड़ गई। सुबह लगभग 11 बजे से बडुआ मोड़ से रेजिनगर तक सड़क पर गाडिय़ों की गति लगभग ठहर गई। दोपहर तक कोलकाता जाने वाली सड़क पर गाडिय़ों की लम्बी कतार लग गईं। वहीं, सिलिगुडी को जाने वाली लेन में जाम अपेक्षाकृत कम था, फिर भी वाहन बहुत धीरे आगे बढ़ रहे थे। इससे यात्रियो को काफी परेशानियो का सामना करना पड़ा।
हुमायूं कबीर के अनुसार, प्रस्तावित बाबरी मस्जिद के लिए 300 करोड़ का बजट तैयार है। निलंबित तृणमूल कांग्रेस विधायक हुमायूं कबीर ने आज दोपहर मस्जिद का शिलान्यास करते हुए यह दावा किया। उनका कहना है कि यहां बनने वाली मस्जिद अयोध्या की उस मूल संरचना की तर्ज पर होगी जिसे 6 दिसम्बर, 1992 को ढहा दिया गया था। कबीर ने कार्यक्रम में कहा कि मस्जिद के साथ एक स्कूल और अस्पताल भी बनाया जाएगा। इसके अलावा आसपास के क्षेत्र में पार्क और तीर्थयात्रियों के ठहरने के लिए होटल भी तैयार किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि बाबरी मस्जिद हर हाल में यहीं बनेगी और कोई इसे रोक नहीं पाएगा क्योंकि यह अल्पसंख्यक समाज के सम्मान का सवाल है।
विधायक का दावा है कि शुक्रवार को कलकत्ता उच्च न्यायालय की डिवीजन बेंच ने भी साफ कर दिया कि बेलडांगा में मस्जिद निर्माण की उनकी पहल न तो गलत है और न ही असंवैधानिक। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ लोगों ने उनके सिर के लिए एक करोड़ का इनाम घोषित करने की बात फैलाई है, लेकिन किसी की धमकी से वह पीछे नहीं हटेंगे। कार्यक्रम में उन्होंने दोहराया कि वह 22 दिसम्बर को अपनी नई राजनीतिक पार्टी की घोषणा करेंगे और उसी दिन पदाधिकारियों के नाम भी बताएंगे। उसके पहले सोमवार 8 दिसंबर को वह विधायक पद से इस्तीफा देंगे। कबीर पहले भी यह ऐलान कर चुके हैं कि उनकी प्रस्तावित पार्टी 2026 के विधानसभा चुनाव में उम्मीदवार उतारने की तैयारी कर रही है और अल्पसंख्यक बहुल सीटों पर खास ध्यान देगी। उन्होंने अयोध्या में ध्वस्त बाबरी मस्जिद का जि़क्र करते हुए इसे ऐतिहासिक रूप से विवादास्पद स्थल बताया। उन्होंने कहा, “बंगाल में चार करोड़ मुसलमान हैं। क्या उन्हें बाबरी मस्जिद बनाने का हक़ नहीं है ? मुझे धमकियां दी गई हैं, जिनमें मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री भी शामिल हैं। अगर किसी में हिम्मत है, तो मुर्शिदाबाद आकर दिखाए।”
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर आरोप लगाया कि वह निलंबित तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) विधायक हुमायूं कबीर को मुसलमानों का ध्रुवीकरण करने की अनुमति देकर राज्य में जानबूझकर धार्मिक ध्रुवीकरण को बढ़ावा दे रही हैं। भाजपा ने कबीर के निलंबन में देरी पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्होंने पहले भी हिंदुओं को धमकाने वाले बयान दिए थे, जिसमें उन्होंने कहा था कि जि़ले में मुसलमानों की आबादी 70 प्रतिशत और हिंदुओं की आबादी केवल 30 प्रतिशत है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कदम धार्मिक पहल के बजाय राजनीति से प्रेरित था, और चेतावनी दी कि ममता बनर्जी की निष्क्रियता से राज्य में अस्थिरता का खतरा पैदा हो सकता है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी


















