सोहावल-अयोध्या 7 दिसंबर (आरएनएस )। क्षेत्र में लकड़ी कटान के ठेकेदारों के हौसले इतने बुलंद है कि अपने विभाग के अधिकारियों से भी हाथपाई करने पर उतारू होने से बाज नहीं आ रहे है। ऐसा एक प्रकरण रौनाही थाना क्षेत्र के गांव लखौरी में देखने को मिला। गांव निवासी समीम ने दर्शन नगर के एक ठेकेदार मनोज कुमार को अपने खेत के किनारे लगे 103 पेड़ लगभग साढ़े पांच लाख में साल भर पहले बेंच दिया था। इसके बाद ठेकेदार ने 40 पेड़ की परमिट बनवाकर पेड़ो की कटान शुरू कर दी और दो चार दिनों में परमिट के सभी पेड़ काट डाले। इसके बाद शनिवार को परमिट से अधिक पेड़ो की कटान जब ठेकेदार ने शुरू किया। तो पेड़ मालिक मो.समीम ने अवैध रूप से बिना परमिट प्रतिबंधित पेड़ काटने का विरोध किया। इसके बाद भी ठेकेदार नहीं माना और करीब आधा दर्जन पेड़ काटकर गिरा दिए। तब पेड़ मालिक ने डायल 112 पुलिस से शिकायत किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने पेड़ कटान पर रोक लगवा दिया। इसके बावजूद जब ठेकेदार पेड़ काटने से बाज नहीं आया। तो पेड़ मालिक ने स्थानीय थाने की पुलिस व वन विभाग को मामले की जानकारी दी। मौके पर पहुंचे वन दरोगा मिश्रीलाल ने अवैध रूप से प्रतिबंधित पेड़ काटने पर रोक लगाने लगे। तो ठेकेदार वन दरोगा से विवाद पर उतर आया। आलम यह रहा कि दोनों के जमकर कहासुनी हुई और विवाद इस कदर बढ़ा कि ठेकेदार वन दरोगा से गाली गलौज के साथ हाथापाई करने पर उतारू हो गया। इस दौरान मौके पर मौजूद रौनाही थाने के दरोगा दीपक शुक्ला ने बीच बचाव किया और मामले की जानकारी क्षेत्रीय वन अधिकारी रत्नेद्र त्रिगुनायक को दी गई। इसकी पुष्टि करते वन दरोगा मिश्रीलाल ने बताया कि ठेकेदार द्वारा की गई गाली गलौज और हाथापाई की शिकायत के साथ थाने पर तहरीर दी गई है। रौनाही थाना प्रभारी लालचंद्र सरोज ने बताया कि तहरीर मिली है। आरोपी ठेकेदार के खिलाफ केस दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

