सरधना, मेरठ 9 दिसंबर (आरएनएस )। मेरठ के सरधना थाना क्षेत्र में सोमवार मंगलवार रात्रि में पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक गोकश गोली लगने से घायल हो गया। घायल गोकश की पहचान नवाब उर्फ नवाबुद्दीन के रूप में हुई है। उसके कब्जे से एक गाय, गोकशी के औजार और एक अवैध तमंचा बरामद किया गया है।
इंस्पेक्टर दिनेश प्रताप सिंह ने बताया कि सरधना पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नहर पटरी मार्ग पर बाग के पास कुछ लोग गोकशी की तैयारी कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की। खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायर किया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में नवाब उर्फ नवाबुद्दीन (44) के दाहिने पैर में गोली लगी।
मुठभेड़ के दौरान नवाब के दो साथी वसीम उर्फ काना निवासी इस्लामाबाद, सरधना और एक अज्ञात व्यक्ति मौके से फरार हो गए। घायल नवाब को तत्काल सीएचसी भेजा गया है। पुलिस ने उसके पास से एक गाय, दाव, रस्सा, अन्य गोकशी के औजार, एक .315 बोर का तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त नवाब एक शातिर अपराधी है और उसके खिलाफ कई मुकदमे दर्ज हैं। इस मुठभेड़ में प्रभारी निरीक्षक दिनेश प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक राहुल कुमार, अतुल कुमार, जितेंद्र कुमार, अनिल कुमार, विजय चौहान, प्रदीप कुमार, हेड कांस्टेबल सचिन और कांस्टेबल उपेंद्र सहित सरधना थाना पुलिस टीम शामिल थी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

