सोनभद्र 9 दिसंबर (आरएनएस )।बभनी थाना क्षेत्र के असनहर गांव में एक 30 वर्षीय युवक की कुएं में डूबने से संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कुएं से बाहर निकलवाकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पहचान कारीडाड़ चक चपकी निवासी प्रमोद कुमार (पुत्र बासदेव) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, मृतक प्रमोद कुमार रात में बचरा बाजार से लौटा था और लगभग नौ बजे खाना खाने के बाद दूसरे घर सोने के लिए निकला था। अगली सुबह, असनहर गांव में हृदय नारायण गोड़ के घर के पास एक कुएं में पानी भरने गई लड़की ने सबसे पहले शव को उतराता हुआ देखा, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।तत्काल ग्राम प्रधान असनहर को इसकी सूचना दी गई। ग्राम प्रधान की सूचना पर बभनी पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकाला गया। पहचान होने के बाद मृतक के परिजनों को सूचित किया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रभारी निरीक्षक कमलेश पाल ने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। युवक की मौत डूबने से हुई है या इसके पीछे कोई और रहस्य है, पुलिस इसकी गहनता से जांच कर रही है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

