सोनभद्र 9 दिसंबर (आरएनएस )। मंगलवार सुबह रॉबट्र्सगंज कोतवाली क्षेत्र के मारकुंडी पुरानी घाटी में एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जहां केमिकल से लदा एक टैंकर अनियंत्रित होकर चट्टान से टकरा गया। अचानक ब्रेक फेल हो जाने के कारण टैंकर चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। यह दुर्घटना घाटी के दुर्गा मंदिर के नीचे, दूसरे मोड़ पर सुबह लगभग 10 बजे हुई।टक्कर इतनी ज़ोरदार थी कि टैंकर का टैंक पलट गया और केबिन बुरी तरह से पिचक गया। केबिन में चालक और उसका भाई (खलासी), दोनों गंभीर रूप से घायल होकर फंस गए। केमिकल से लदे वाहन के पलटने की खबर सुनते ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय लोगों और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। पलटे हुए वाहन में फंसे दोनों भाइयों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। घंटों की कड़ी मेहनत के बाद उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला गया। दोनों घायलों को तुरंत उपचार के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

