लखनऊ 9 दिसंबर (आरएनएस )। नगर निगम मुख्यालय में सोमवार को आयोजित जनता दरबार में शहर के विभिन्न वार्डों से आए नागरिकों ने अपनी समस्याएँ रखीं। सुबह से ही लोग सफाई व्यवस्था, जल निकासी, सड़कों की मरम्मत, स्ट्रीट लाइट, कर संबंधी मुद्दों और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़ी शिकायतों के साथ पहुंचे। महापौर सुषमा खर्कवाल ने प्रत्येक शिकायत को ध्यानपूर्वक सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को तत्काल कार्यवाही के निर्देश दिए।महापौर ने कहा कि नगर निगम का दायित्व है कि वह नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध और पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी शिकायत के निस्तारण में अनावश्यक विलंब बिल्कुल न किया जाए और प्रत्येक प्रकरण की प्रगति नियमित रूप से साझा की जाए। उन्होंने कहा कि सभी विभागों को संवेदनशीलता और उत्तरदायित्व के साथ कार्य करना चाहिए ताकि नागरिकों को सुचारु नगर सेवाएँ मिल सकें।जनता दरबार के दौरान उपस्थित पार्षदों, नागरिकों और प्रतिनिधियों को प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा हाल ही में जारी पाती के बारे में भी जानकारी दी गई। इस पाती में मुख्यमंत्री ने अवैध रूप से निवास कर रहे घुसपैठियों के विरुद्ध चल रही कानूनी कार्यवाही का उल्लेख करते हुए जनता से सतर्क रहने और सामाजिक जिम्मेदारी निभाने की अपील की है। पाती में कहा गया है कि घरेलू या व्यावसायिक कार्यों के लिए किसी भी व्यक्ति को रखने से पहले उसकी पहचान का सत्यापन अवश्य किया जाए, ताकि सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाया जा सके।महापौर ने भी नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि समाज और शहर की सुरक्षा बनाए रखने में जनता की सक्रिय भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि यदि नागरिक सतर्क रहेंगे और उचित सत्यापन की प्रक्रिया अपनाएँगे, तो शहर में सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत होगी तथा संभावित आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगेगा।महापौर ने उपस्थित लोगों से आग्रह किया कि मुख्यमंत्री के संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचाया जाए, ताकि पूरे शहर में जागरूकता का प्रसार हो सके और सामाजिक समरसता को और मजबूत किया जा सके। उन्होंने कहा कि प्रशासन और नागरिक, दोनों के सहयोग से ही सुरक्षित, स्वच्छ और व्यवस्थित लखनऊ का निर्माण संभव है।नगर निगम द्वारा आयोजित यह जनता दरबार नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए महत्वपूर्ण मंच साबित होता जा रहा है। लोग न केवल अपनी शिकायतें लेकर पहुँच रहे हैं, बल्कि समाधान का भरोसा लेकर भी लौट रहे हैं। प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति और त्वरित निर्देशों के चलते नागरिकों में विश्वास और बढ़ा है कि उनकी आवाज़ सीधे नगर निगम के शीर्ष स्तर तक पहुँच रही है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

