लखनऊ 9 दिसंबर (आरएनएस )। हजऱतगंज स्थित जनपथ मार्केट में सोमवार को महापौर सुषमा खर्कवाल ने दुकानदारों, कारोबारियों और वहाँ मौजूद नागरिकों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा हाल ही में जारी पाती के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। महापौर ने बताया कि मुख्यमंत्री की यह पाती प्रदेश की सुरक्षा, सामाजिक संतुलन और नागरिक जिम्मेदारी को लेकर अत्यंत महत्वपूर्ण संदेश देती है।मुख्यमंत्री द्वारा जनता के नाम लिखी गई इस पाती में प्रदेश में अवैध रूप से निवास कर रहे घुसपैठियों के विरुद्ध कानूनी प्रक्रिया के तहत चल रही निर्णायक कार्रवाई का उल्लेख किया गया है। पाती में नागरिकों से आह्वान किया गया है कि घरेलू या व्यावसायिक किसी भी कार्य के लिए किसी व्यक्ति को नियुक्त करने से पहले उसकी पहचान का सत्यापन अवश्य करें। इसे व्यक्तिगत सुरक्षा के साथ-साथ प्रदेश की समग्र सुरक्षा के लिए जरूरी कदम बताया गया है।महापौर सुषमा खर्कवाल ने कहा कि प्रदेश की कानून-व्यवस्था को मजबूत रखने और सामाजिक समरसता बनाए रखने में जन-जागरूकता महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने जोर देकर कहा कि नागरिक सतर्कता ही सुरक्षा का सबसे मजबूत आधार है। उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री के संदेश को जन-जन तक पहुँचाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और प्रशासन इसे गंभीरता से आगे बढ़ा रहा है।कार्यक्रम के दौरान दुकानदारों और व्यापारियों ने महापौर से सुरक्षा से जुड़ी विभिन्न जानकारियाँ प्राप्त कीं। महापौर ने आश्वस्त किया कि नगर निगम और प्रशासन नागरिकों की सुरक्षा के लिए हर आवश्यक कदम उठाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।इस अवसर पर पार्षद दल के उपनेता सुशील तिवारी ‘पम्मीÓ, कई पार्षदगण, व्यापारीगण और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में महापौर ने कहा कि प्रदेश की सुरक्षा और समृद्धि तभी सुनिश्चित हो सकती है जब नागरिक और प्रशासन एकजुट होकर अपनी जिम्मेदारियाँ निभाएँ।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

