लखनऊ 9 दिसंबर (आरएनएस )। पुलिस आयुक्तालय, लखनऊ की प्रेस नोट संख्या-2832 के अनुसार सुशन्त गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में 06 दिसंबर 2025 को हुई कार टक्कर के बाद लूट की वारदात का पुलिस ने प्रभावी कार्यवाही कर सफल अनावरण किया है। प्रेस नोट में बताया गया है कि दक्षिणी जोन के थाना सुशन्त गोल्फ सिटी पुलिस टीम ने तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार करते हुए लूटा गया माल बरामद कर लिया है तथा एक अन्य अभियुक्त की तलाश जारी है।प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना के सम्बन्ध में पीडि़त अखण्ड प्रताप सिंह निवासी सेक्टर-ई ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वे अपनी कार से कार्यालय से लौट रहे थे तभी अचानक उनकी कार के सामने दूसरी कार आ जाने से टक्कर हो गई। टक्कर के बाद कार सवार लोगों ने पीडि़त के साथ मारपीट की, गाली-गलौज व जान से मारने की धमकियाँ दीं तथा उनकी ग्रैंड विटारा कार लेकर भाग गए। आरोपियों ने कार से एक कंपनी का लैपटॉप तथा डेढ़ लाख रुपये नकद भी ले लिए। पीडि़त की लिखित तहरीर पर थाना सुशन्त गोल्फ सिटी पर मु0अ0सं0-980/2025 के तहत धारा 309(6)/352/351(3) बीएनएस पंजीकृत की गई और जांच के लिए विशेष पुलिस टीमें गठित की गईं।सूचना मिलने पर तत्काल कार्यवाही में पुलिस ने छीनी हुई कार को थाना पीजीआई क्षेत्र से बरामद कर लिया था। इसके बाद तकनीकी सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज व मैनुअल साक्ष्यों के आधार पर गठित टीमों ने घटना में शामिल तीनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें सेक्टर-10 के गोल चौराहे से आगे, थाना क्षेत्र सुशन्त गोल्फ सिटी से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विवेक कुमार यादव पुत्र विश्राम सिंह यादव (आयु 28 वर्ष), किशन कुमार यादव पुत्र शिवपाल सिंह यादव (आयु 27 वर्ष) तथा सीमा देवी पुत्री बाली (आयु 25 वर्ष) के रूप में हुई। आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त चार पहिया वाहन क्क32रू॥3137, एप्पल कंपनी का एक लैपटॉप और 25,000 रुपये नकद बरामद किए गए। पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्तों ने बताया कि उन्होंने अपने साथी सौरभ राजपूत पुत्र धर्मपाल (निवासी ग्राम चचियापुर, थाना तालीग्राम, जनपद कन्नौज) के साथ मिलकर यह वारदात अंजाम दी थी। चारों आरोपियों ने लूटा गया माल आपस में बांट लिया था और पकड़े जाने के भय से छीनी हुई कार को पीजीआई क्षेत्र में खड़ी करके उसमें से पैसा व लैपटॉप निकाल कर भाग गए थे। पुलिस ने बताया कि वांछित अभियुक्त सौरभ राजपूत की तलाश जारी है।प्राथमिक अन्वेषण के दौरान यह भी पता चला कि विवेक कुमार यादव व किशन कुमार यादव के विरुद्ध पहले से कई आपराधिक मामले पंजीकृत हैं। विवेक कुमार यादव के खिलाफ थाना चिनहट तथा थाना पीजीआई में गंभीर धाराओं के तहत मामले दर्ज हैं, जबकि किशन कुमार यादव व सीमा देवी के विरुद्ध भी पूर्व में दर्ज आपराधिक प्रविष्टियाँ रिकॉर्ड में मिली हैं। इस घटनाक्रम में पंजीकृत मुकदमा संख्या तथा धाराएँमु0अ0सं0980/2025धारा309(6)/352/351(3)/317(2) बीएनएस थाना सुशन्त गोल्फ सिटी, लखनऊ—के तहत अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।पुलिस आयुक्तालय ने बताया कि घटना की त्वरित पहचान और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए थाना सुशन्त गोल्फ सिटी की पुलिस टीम ने समन्वित व व्यापक कार्रवाई की। बरामद सामग्री व आरोपियों के रिकार्ड के आधार पर आवश्यक छानबीन जारी है तथा फरार अभियुक्त की धरपकड़ के लिए लगातार प्रयास चल रहे हैं। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि घटना से सम्बन्धित कोई और जानकारी या फुटेज रखने वाले हों तो तत्काल सूचना दें, ताकि शेष आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर समुचित कानूनी कार्यवाही पूरी की जा सके।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

