विशेष अभियान में 3073 लोगों की चेकिंग, 1123 पर कार्रवाई
लखनऊ 9 दिसंबर (आरएनएस ) पुलिस कमिश्नरेट द्वारा शहर में सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने, हुड़दंग मचाने और आमजन को असुविधा पहुंचाने वालों पर नकेल कसने के लिए विशेष और सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का संचालन पुलिस आयुक्त अमरेन्द्र कुमार सेंगर के निर्देश पर, संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) बबलू कुमार के पर्यवेक्षण में तथा सभी जोनों के पुलिस उपायुक्तों के नेतृत्व में किया जा रहा है।शहर के सभ्रांत नागरिकों और आम लोगों की ओर से लगातार यह शिकायतें मिल रही थीं कि कई सार्वजनिक स्थानों पर कुछ लोग शराब पीकर अफरा-तफरी फैलाते हैं, महिलाओं, राहगीरों और स्थानीय लोगों के लिए असुविधा पैदा करते हैं और यातायात व्यवस्था बाधित करते हैं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस आयुक्त ने सभी अफसरों को त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।इन्हीं आदेशों के अनुपालन में सभी जोनों के सहायक पुलिस आयुक्त और थाना प्रभारियों ने अपनी टीमों के साथ शहर के सड़कों, पार्कों, बाजारों, बस स्टैंड, चौराहों और अन्य भीड़ वाले इलाकों में लगातार गहन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान कुल 3073 व्यक्तियों की जांच की गई, जिनमें 1123 लोग सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीते हुए पकड़े गए। इन सभी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की गई और उन्हें भविष्य में ऐसी हरकत न दोहराने की कड़ी चेतावनी भी दी गई।जोनवार कार्रवाई में पूर्वी, मध्य और पश्चिमी जोनों में सबसे अधिक लोग पकड़े गए। पूर्वी जोन में 709 लोगों की चेकिंग में 330 व्यक्तियों पर कार्रवाई की गई, जबकि मध्य जोन में 664 में से 236 पर और पश्चिमी जोन में 732 में से 219 लोगों पर कार्रवाई की गई। दक्षिणी और उत्तरी जोनों में भी क्रमश: 223 और 115 व्यक्तियों को पकड़ा गया।अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने स्पष्ट संदेश दिया कि शहर की शांति और सुरक्षा में बाधा डालने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस आयुक्त अमरेन्द्र कुमार सेंगर ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीना, हुड़दंग करना और अव्यवस्था फैलाना किसी भी हालत में स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि लखनऊ पुलिस लगातार ऐसे अभियान चलाती रहेगी और शहर में सुरक्षित, सम्मानजनक और अनुशासित वातावरण बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

