दो नाबालिग बेटियाँ पुलिस संरक्षण में, विवाद की वजह से हुई वारदात
लखनऊ 9 दिसंबर (आरएनएस ) के बीबीडी थाना क्षेत्र में एक युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने तीव्र कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला रत्ना देवी को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही उसकी दो नाबालिग बेटियों को पुलिस संरक्षण में ले लिया गया है। पुलिस के अनुसार, महिला और उसकी बेटियों ने मिलकर युवक पर चाकू से हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई।घटना 8 दिसंबर 2025 की है। वादी नरेंद्र, निवासी देवरिया—जो वर्तमान में जानकीपुरम में रहते हैं—ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि उनके पुत्र सूर्यप्रताप सिंह की हत्या पड़ोस में रहने वाली रत्ना देवी और उसकी दो बेटियों ने की है। तहरीर के आधार पर बीबीडी थाने में गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।श्रीमान पुलिस आयुक्त अमरेन्द्र सेंगर और संयुक्त पुलिस आयुक्त अमित कुमार वर्मा के निर्देशन में पूर्वी जोन की पुलिस, डीसीपी शशांक सिंह के नेतृत्व में सक्रिय हुई। इसके बाद एसीपी विभूतिखंड विनय कुमार द्विवेदी और बीबीडी थाने के प्रभारी निरीक्षक राम सिंह की टीम ने जांच शुरू की। लगातार खोजबीन के बाद 9 दिसंबर की सुबह पुलिस ने आरोपी महिला रत्ना देवी को गिरफ्तार कर लिया और उसकी दोनों नाबालिग बेटियों को सुरक्षा में ले लिया।पूछताछ में महिला ने बताया कि मृतक सूर्यप्रताप अक्सर उनकी बेटियों से गलत व्यवहार करता था और उन्हें मारता-पीटता था। आरोपी महिला का दावा है कि बड़ी बेटी से छेड़छाड़ की कोशिश की जा रही थी, जिसके चलते उसने अपनी बेटियों के साथ मिलकर सूर्यप्रताप पर चाकू से हमला कर दिया।पुलिस ने मौके से हत्या में प्रयुक्त दो चाकू बरामद कर लिए हैं। आरोपी महिला के खिलाफ कानूनी कार्रवाई आगे बढ़ाई जा रही है। वहीं दोनों नाबालिग बच्चियों को बाल संरक्षण कानूनों के तहत सुरक्षित स्थान पर रखा गया है।गिरफ्तारी करने वाली टीम में निरीक्षक अरविंद कुमार, उपनिरीक्षक रामलाल, उपनिरीक्षक आकाश कुमार, महिला हेड कांस्टेबल लीलावती, महिला कांस्टेबल रंजना सिंह और अलका शामिल रहे।पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

