मेला एसपी ने आदेश जारी किया
प्रयागराज 9 दिसंबर (आरएनएस)। माघ मेले की औपचारिक शुरुआत 3 जनवरी से होनी है। आने वाले दिनों में जुटने वाली भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा तैयारियों को मजबूत कर दिया है। इसी क्रम में मेला पुलिस अधीक्षक (आईपीएस) नीरज कुमार पांडेय की ओर से अधिकारियों व थाना प्रभारियों की नई तैनाती का आदेश जारी किया गया है।
मेला क्षेत्र में सुचारु प्रबंधन और कानून-व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए तीन क्षेत्राधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसमें मेरठ पीटीएस से आए जगदीश कालीरमन को सीओ परेड, पीएसी मिर्जापुर से आए दिनेश कुमार सिंह यादव को सीओ जल पुलिस और 42वीं वाहिनी पीएसी से आए वेद प्रकाश राय को सीओ महावीर जी बनाया गया है।
मेला एसपी के आदेश के बाद 10 इंस्पेक्टरों की अलग-अलग महत्वपूर्ण क्षेत्रों में तैनाती की गई है। जिसमें बृजेश कुमार तिवारी को महावीर जी, नगेंद्र नागर को कोतवाली, विनोद कुमार को कल्पवासी, अंगद तिवारी को थाना झुंसी (माघ मेला), गंगा प्रसाद को प्रयागवाल, वैभव सिंह को एमजी मार्ग और फूलचंद को यूपी 112 प्रभारी में तैनात किया गया है।
एसपी मेला का कहना है कि अभी भीड़ कम है, लेकिन मेले की तैयारियां शुरू हो गई हैं, इसलिए शुरुआती चरण से ही सुरक्षा प्रबंधन मजबूत रखना आवश्यक है। मेला क्षेत्र में टीमों को सक्रिय रहने और त्वरित रिस्पांस सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

