सांस्कृतिक संबंधों के विकास के लिए रूट्स 2 रूट्स से हुआ करार
प्रयागराज 9 दिसंबर (आरएनएस)। उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय, प्रयागराज से जुड़कर शिक्षार्थी अब भारतीय ज्ञान परंपरा के अंतर्गत कला, संस्कृति तथा विरासत से संबंधित कार्यक्रमों में प्रशिक्षण प्राप्त कर सकेंगे।
ऑनलाइन भारतीय प्रदर्शन कलाओं की कक्षाएं शुरू करने के लिए सोमवार को उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय, प्रयागराज, भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद, नई दिल्ली और रूट्स 2 रूट्स ने हाथ मिलाया। एक महत्वपूर्ण त्रिपक्षीय समझौते के अंतर्गत मुक्त विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर सत्यकाम की उपस्थिति में इस समझौते पर रूट्स 2 रूट्स के संस्थापक श्री राकेश गुप्ता और यूपीआरटीओयू के रजिस्ट्रार कर्नल विनय कुमार द्वारा हस्ताक्षर किए गए।
मुक्त विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर सत्य काम ने बताया कि इस ऐतिहासिक सहयोग का उद्देश्य भारतीय ज्ञान परंपरा के अंतर्गत भारत की महान संस्कृति का प्रचार-प्रसार करना है, जिसके तहत अंतरराष्ट्रीय छात्रों और दुनिया भर के भारतीय प्रवासियों के लिए भारतीय प्रदर्शन अथवा निष्पादन कलाओं की लाइव, इंटरएक्टिव ऑनलाइन कक्षाएं आयोजित की जाएंगी। इसके लिए मुक्त विश्वविद्यालय ने प्रोफेसर संजय सिंह को नोडल अफसर नामित किया है।
कुलपति प्रो. सत्यकाम ने भारत की समृद्ध और विविध सांस्कृतिक परंपराओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करने में विश्वविद्यालय की भूमिका पर प्रसन्नता व्यक्त की।
रूट्स 2 रूट्स के संस्थापक राकेश गुप्ता ने आईसीसीआर और यूपीआरटीओयू को इस उल्लेखनीय पहल में उनके अमूल्य समर्थन और योगदान के लिए धन्यवाद दिया। इस इस अवसर पर उन्होंने संस्था के सहयोगी उदय नारायण के साथ विश्वविद्यालय का भ्रमण भी किया।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

