चित्रकूट 9 दिसंबर (आरएनएस)। सरकार द्वारा चलाई जा रही प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना रबी 2025-26 के अंतर्गत जनपद में फसल बीमा सप्ताह (एक से सात दिसंबर) के तहत फसल बीमा बाइक रैली का आयोजन किया गया। जिसमें जनपद व ब्लॉक स्तर पर कार्यरत बीमा कंपनी यूनिवर्सल सोम्पो के प्रतिनिधि एवं जन सेवा केंद्र संचालकों ने प्रतिभाग करते हुए किसानों को योजना की जानकारी दी तथा इसका लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
उप कृषि निदेशक राजकुमार ने बताया कि फसल बीमा बाइक रैली का उद्देश्य ब्लॉक व ग्राम पंचायत स्तर पर योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कराना है। बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत रबी 2025-26 की फसलों का बीमा किए जाने की अंतिम तारीख 31 दिसंबर है। बीमा योजना के अंतर्गत जनपद की छह फसलों गेहूं, सरसों, मटर, मसूर, जौ व चना अधिसूचित है। जिसके तहत किसान किसी भी अधिसूचित फसल का 1.5 प्रतिशत प्रति हेक्टेयर की दर से प्रीमियम की धनराशि जमा करके बीमा करा सकते हैं। बताया कि योजना से सम्बन्धित किसी भी प्रकार की जानकारी, शिकायत, सुझाव या फसल नुकसान आपदा की सूचना किसान 72 घंटे के अंदर दर्ज कराने के लिए संयुक्त टोल फ्री नंबर 14447 पर संपर्क कर सकते हैं। साथ ही समस्त नजदीकी विकासखंड के कृषि बीज भंडार, कृषि रक्षा इकाई, जिला कृषि अधिकारी कार्यालय व उप कृषि निदेशक कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं। बताया कि खरीफ 2025 में बेमौसम अत्यधिक वर्षा होने के कारण हुई फसलों की क्षतिपूर्ति के लिए जनपद चित्रकूट के कुल 1231 कृषकों को 60 लाख रुपए की धनराशि उनके खाते में स्थानांतरित की जा चुकी है तथा शेष क्षतिपूर्ति धनराशि का भुगतान प्रक्रियाधीन है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

