रायपुर, 09 दिसंबर (आरएनएस)। रायपुर, 09 दिसंबर 2025/ स्वास्थ्य विभाग रायपुर द्वारा जिले में सघन कुष्ठ खोज अभियान दिनांक 09 दिसंबर से 31 दिसंबर 2025 तक संचालित किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य कुष्ठ रोग की शीघ्र पहचान, त्वरित पुष्टि एवं समयबद्ध उपचार सुनिश्चित करना है। अभियान के सफल क्रियान्वयन हेतु आज कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह की अध्यक्षता में जिला अंतर्विभागीय समिति की बैठक रेड क्रॉस सभा कक्ष में आयोजित की गई। बैठक में नगर निगम आयुक्त श्री विश्वदीप, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत कुमार विश्वरंजन, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश चौधरी सहित शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, समाज कल्याण तथा अन्य संबद्ध विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। कुष्ठ नियंत्रण कार्यों की समीक्षा के दौरान यह जानकारी दी गई कि वर्तमान में जिले की कुल जनसंख्या 28,80,239 है। वर्ष 2025 में अब तक 437 नए कुष्ठ रोगी पंजीकृत हुए हैं, जिनमें 52 बीपी एवं 384 एमबी श्रेणी के मामले शामिल हैं, जबकि 601 मरीज उपचाररत हैं। जिले का व्यापकता दर (पी.आर) 2.09 दर्ज किया गया है। अभियान के प्रभावी संचालन हेतु दो-सदस्यीय सर्वेक्षण टीमों का गठन किया गया है, जिनमें एक महिला एवं एक पुरुष शामिल रहेगा। टीमें माइक्रोप्लान के अनुसार घर-घर भ्रमण कर संभावित रोगियों की पहचान करेंगी। सर्वेक्षण कार्य से पूर्व सभी स्वास्थ्य कार्मिकों का प्रशिक्षण पूर्ण कर लिया गया है, जिससे फील्ड स्तर पर संवेदनशील एवं त्वरित निरीक्षण सुनिश्चित हो सके। कलेक्टर डॉ. सिंह ने निर्देशित किया कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें एवं संभावित लक्षण मिलने पर मरीजों को तत्काल निकटतम स्वास्थ्य केंद्र में भेजा जाए, जहां मुफ़्त बहु-विषयक टीम उपचार उपलब्ध है, जो कुष्ठ रोग के पूर्ण उपचार में प्रभावी है। कुष्ठ रोग के प्रमुख संभावित लक्षण इस प्रकार हैं—
1. त्वचा पर संवेदना-रहित हल्के/गहरे धब्बे
2. त्वचा या अंगों में सुन्नपन
3. नसों का मोटा होना या दर्द
4. हथेली/पंजों में संवेदना कम होना
5. उंगलियों, पलकों या चेहरे की मांसपेशियों में कमजोरी
इनमें से कोई भी लक्षण पाए जाने पर तत्काल जाँच एवं पुष्टि कराने की सलाह दी जाती है। अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा व्यापक जनजागरूकता गतिविधियाँ भी संचालित की जाएंगी। जिला प्रशासन ने अपील की है कि सर्वेक्षण टीमों को सहयोग प्रदान करें एवं किसी भी लक्षण की स्थिति में उपचार हेतु विलंब न करें। यह प्रयास रायपुर को कुष्ठ-मुक्त जिले की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

