० बीएलओ का स्वास्थ्य बिगडऩे पर कलेक्टर ने की त्वरित सहायता, आर्थिक मदद
० फोन पर बात कर की विशेषज्ञ चिकित्सक के देख-रेख में इलाज की व्यवस्था
रायपुर, 09 दिसम्बर (आरएनएस)। जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (एस.आई.आर) का कार्य पूर्णता की ओर है, जिला प्रशासन के कर्मचारियों से लेकर बीएलओ तक सभी समयसीमा में इस जिम्मेदारी को पूरा करने में जुटे हुए हैं। ऐसे में जब मैदानी अमला थोड़ा कमजोर पड़ा तो जिला प्रशासन ने तत्परता से संवेदनशीलता दिखाते हुए मदद का हाथ बढ़ाया। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने, दो बीएलओ के स्वास्थ्यगत परेशानियों के बारे में सूचना मिलते ही स्वयं संज्ञान लेकर तत्काल प्रभाव से उन्हें आर्थिक एवं अन्य सहायता पहुंचाई। पश्चिम विधानसभा बूथ क्रं. 65 की बीएलओ लक्ष्मी उईके एसआईआर कार्य के दौरान दुपहिया वाहन से ठोकर लगने से घायल हो गई थी। घायल होने की सूचना मिलते ही कलेक्टर डॉ. सिंह के निर्देश पर श्रीमती उईके के बेहतर इलाज की व्यवस्था की गई। साथ ही कलेक्टर की पहल पर उईके की रेडक्रॉस सोसाइटी की तरफ से 40 हजार रूपए की आर्थिक सहायता भी की गई। एक अन्य प्रकरण में रायपुर नगर उत्तर भाग संख्या 116 की बीएलओ अंजली श्रीवास्तव को चिकित्सीय मदद पहुंचाई गई। एसआईआर कार्य के दौरान श्रीवास्तव की तबीयत बिगडऩे की सूचना अधिकारियों के माध्यम से कलेक्टर डॉ. सिंह को मिली। स्वमेय संज्ञान लेते हुए डॉ. सिंह ने प्रसिद्ध कार्डियोलॉजिस्ट से संपर्क कर श्रीवास्तव के इलाज की व्यवस्था कराई। त्वरित सहायता, आर्थिक मदद एवं इमोशनल सपोर्ट के लिए श्रीमती उईके एवं श्रीमती श्रीवास्तव तथा उनके परिवार ने कलेक्टर डॉ. सिंह का आभार जताया है।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

