इस्लामाबाद ,10 दिसंबर । जेल में बंद पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान से मुलाकात को लेकर एक बार फिर विवाद खड़ा हो गया है। इमरान खान के परिवार को मंगलवार को भी उनसे मिलने नहीं दिया गया, जिसके विरोध में उनकी बहन अलीमा खान और पीटीआई के सैकड़ों नेता देर रात अडियाला जेल के बाहर धरने पर बैठ गए। उनका आरोप है कि इमरान खान को लंबे समय से गैर-कानूनी आइसोलेशन में रखा गया है और उनके साथ शारीरिक व मानसिक उत्पीडऩ किया जा रहा है।
अलीमा खान ने जेल गेट पर धरने के दौरान कहा कि वे पिछले आठ महीनों से हर मंगलवार जेल पहुंच रही हैं, लेकिन उन्हें मुलाकात की अनुमति नहीं मिल रही। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके भाई को टॉर्चर किया जा रहा है और सरकार कोर्ट के निर्देशों का पालन नहीं कर रही।
धरना प्रदर्शन के दौरान पीटीआई के सैकड़ों नेता मौजूद रहे, जिन्होंने इमरान खान की स्वास्थ्य और सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई। अडियाला जेल के आसपास भारी सुरक्षा तैनात की गई थी, ताकि स्थिति न बिगड़े। स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई जब पीटीआई के वरिष्ठ नेता—सेक्रेटरी जनरल सलमान अकरम राजा और खैबर पख्तूनख्वा के प्रांतीय प्रमुख जुनैद अकबर खान—भी धरने में शामिल हो गए।
रिपोर्ट के अनुसार, अदालत ने मंगलवार और गुरुवार को मुलाकात की अनुमति दी थी, इसके बावजूद जेल प्रशासन ने लगातार परिवार को इमरान खान से मिलने से रोका। इससे पार्टी के नेताओं में नाराजगी बढ़ी है। 2 दिसंबर को इमरान खान की बहन उजमा खान को करीब एक महीने बाद मुलाकात की इजाजत दी गई थी। यह मुलाकात केवल लगभग 20 मिनट चली। उजमा खान ने दावा किया कि इमरान खान शारीरिक रूप से ठीक दिख रहे थे, लेकिन जेल में उन्हें “साइकोलॉजिकल टॉर्चर” झेलना पड़ रहा है। उन्होंने पाकिस्तान के आर्मी चीफ फील्ड मार्शल असीम मुनीर पर भी मानसिक प्रताडऩा के आरोप लगाए।
00

