मेरठ 10 दिसंबर (आरएनएस )। जीएसटी इंटेलिजेंस महानिदेशालय मेरठ जोन की टीम ने ऑनलाइन गेमिंग में 320 करोड़ रुपए की कर चोरी करने वाले दो कंपनी मालिकों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि इन कंपनी मालिकों ने इस गेम में करीब 1200 करोड़ रुपए की रकम जीती पर इस रकम पर 320 करोड़ रुपए की जीएसटी का भुगतान नहीं किया। आरोपितों ने इस गेम के जरिए काला धन सफेद करने व ग्राहकों के खातों से अवैध ढंग से पैसा भी काटा।
शासकीय अधिवक्ता लक्ष्य कुमार ने बताया कि जीएसटी इंटेलिजेंस महानिदेशालय मेरठ जोन की टीम पिछले तीन माह से इन कंपनी मालिकों पर नजर रख रही थी। दिल्ली में कंपनी संचालित करने वाले राजन ने 442 करोड़ रुपए व फरीदाबाद के कंपनी संचालक रवि सिंह ने 760 करोड़ आनलाइन गेमिंग में जीते। नियमानुसार जीती हुई रकम पर 320 करोड़ रुपए का कर देय है। आरोपितों ने ग्राहकों के साथ भी फर्जीवाड़ा किया हैं। टीम ने इन दोनों कंपनी मालिकों को नोएडा से गिरफ्तार किया। बुधवार को दोनों आरोपितों को विशेष मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट दुर्गेश नंदिनी की कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने दोनों को जेल भेज दिया।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

