मेरठ 10 दिसंबर (आरएनएस )। पुलिसकर्मी वर्दी में होने के बाद भी नशे से गुरेज नहीं कर रहे। सोमवार रात रेलवे रोड थाना प्रभारी धीरज सिंह को नशे में देखकर एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह भी हैरान रहे गए। वह ड्यूटी के दौरान थाने के आवास से शराब के नशे में धुत होकर निकले थे।
थानाक्षेत्र में मारपीट और पथराव की घटना को लेकर सीओ और एसपी सिटी मौके पर पहुंचे थे। तभी इंस्पेक्टर शराब के नशे में मिले। थाना प्रभारी का मेडिकल कराया तो शराब पीने की पुष्टि हुई। इसी तरह से टीपीनगर थानाक्षेत्र के दिल्ली रोड पर पीआरवी पर तैनात पुलिसकर्मी भी सिगरेट पीता मिला। सोमवार रात सीओ ब्रह्मपुरी सौम्या अस्थाना ने चेकिंग के दौरान दिल्ली रोड पर पीआरवी पर तैनात हेड कांस्टेबल सतेंद्र को सिगरेट पीते देख लिया गया।
सीओ ने दारोगा सतेंद्र से पूछा गया कि उन्होंने हेड कांस्टेबल को सिगरेट पीने से क्यों नहीं रोका। दारोगा का जवाब था कि वह कैसे रोक सकता है। इसके बाद सीओ ने पीआरवी पर तैनात दारोगा और हेड कांस्टेबल के खिलाफ टीपीनगर थाने में तस्करा डलवा दिया। हालांकि किसी शीर्ष अधिकारी को इसकी रिपोर्ट नहीं दी। नियमावली के मुताबिक, खाकी वर्दी पहनकर कोई भी पुलिसकर्मी सिगरेट या शराब नहीं पी सकता। इंस्पेक्टर अरुण कुमार मिश्रा का तर्क है कि थाने की जीडी में तस्करा डालना विभागीय कार्रवाई में आता है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

