मेरठ 10 दिसंबर (आरएनएस)। भावनपुर थाना क्षेत्र के गांव मेदपुर निवासी बुजुर्ग ने साथ में काम करने वाले दो लोगों पर निकाह कराने के नाम पर 10 लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाया है। पीडि़त ने जब अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपितों ने उसके साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी दे डाली। पीडि़त ने एसएसपी कार्यालय में शिकायत देकर रकम वापस दिलाने की गुहार लगाई है।
मेदपुर गांव निवासी 58 वर्षीय चेयरमैन ने बताया कि पिछले चार साल से वह सरफराज आलम फूला कोल्ड स्टोरेज पर काम कर रहा है। यहां उसकी मुलाकात किठौर के गांव मंडोली निवासी दो लोगों से हुई। आरोप है कि दोनों ने उसका निकाह कराने की बात कही। साथ ही कहा कि आड़ गांव निवासी एक महिला उनकी परिचित है। वह इस समय डासना जेल में बंद है। वे लोग महिला के जमानत पर आने के बाद उससे निकाह करा देंगे। आरोपितों ने महिला की जमानत कराने के नाम धीरे-धीरे 10 लाख रुपये ले लिए।
.जब उसने निकाह का दबाव बनाया तो आरोपितों ने अपना मोबाइल बंद कर लिया। वह उनके घर पहुंचा तो आरोपितों ने उसके साथ मारपीट की और हत्या की धमकी दे डाली। पीडि़त ने मामले की तहरीर भावनपुर थाने में दी। पुलिस ने कोई सुनवाई नहीं की। जनसुनवाई कर रहीं ब्रह्मपुरी सीओ सौम्या अस्थाना ने पीडि़त व्यक्ति को मामले की जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

