ऋषिकेश,10 दिसंबर (आरएनएस)। बहुजन समाज पार्टी के उत्तराखंड प्रदेश महासचिव सत्येंद्र सिंह ने कहा कि पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव पूरी मजबूती के साथ लड़ेगी। जिसके लिए सभी कार्यकर्ता अभी से जनसंपर्क करें और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करें। बुधवार को डोईवाला में बहुजन समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने उत्तराखंड विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की। मुख्य अतिथि बसपा उत्तराखंड प्रदेश महासचिव सत्येंद्र सिंह ने कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर जनसंपर्क करने और बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने के निर्देश दिए। देहरादून जिले के प्रभारी दिग्विजय सिंह ने कहा कि पार्टी डोईवाला में पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी और कार्यकर्ता जनता तक बसपा की नीतियों को पहुंचाएं। बसपा जिला उपाध्यक्ष एवं पूर्व सभासद गोपाल शर्मा ने कहा कि जल्द ही डोईवाला में बड़ा कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें मायावती के दिशा-निर्देश साझा किए जाएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि डोईवाला में विकास कार्य ठप हैं और जनता भाजपा-कांग्रेस से निराश है। डोईवाला विधानसभा अध्यक्ष विनोद कुमार ने कहा कि संगठन विस्तार तेजी से चल रहा है और जल्द बूथ व सेक्टर कमेटियों का गठन पूरा होगा। बैठक में ओमपाल सिंह, विजेंद्र सिंह, इतवार सिंह आदि उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

