ऋषिकेश,10 दिसंबर (आरएनएस)। पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज आईडीपीएल में बुधवार को राष्ट्रीय मानवाधिकार दिवस पर जागरूकता शिविर आयोजित किया गया, जिसमें अपर सिविल जज अभिषेक मिश्रा ने छात्र-छात्राओं को मानवाधिकारों, कर्तव्यों और विधिक जागरूकता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। बुधवार को आईडीपीएल वीरभद्र स्थित पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज में राष्ट्रीय मानवाधिकार दिवस पर जागरूकता शिविर आयोजित हुआ। तहसील विधिक सेवा समिति के सचिव और अपर सिविल जज अभिषेक मिश्रा ने कहा कि भारत एक स्वतंत्र राष्ट्र है, जहां प्रत्येक नागरिक को संविधान द्वारा प्रदत्त मूल अधिकार प्राप्त हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का पालन करने की प्रेरणा दी। कहा कि कानून की विभिन्न धाराएं समाज के लिए एक सुरक्षा कवच का कार्य करती हैं। यदि किसी व्यक्ति के साथ किसी भी प्रकार का शोषण होता है, तो वह न्यायालय की शरण लेकर न्याय प्राप्त कर सकता है। उन्होंने पॉक्सो ऐक्ट का उल्लेख करते हुए कहा कि यह कानून उन बच्चों की सुरक्षा के लिए बनाया गया है, जो किसी भी प्रकार के शारीरिक शोषण का शिकार होते हैं। इस अधिनियम के तहत शिकायत दर्ज होने पर दोषियों को कठोर दंड का प्रावधान है। साथ ही उन्होंने सड़क सुरक्षा की बात करते हुए कहा कि दुपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट, ट्रैफिक नियम तथा सड़क सुरक्षा उपायों का पालन प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। विद्यालय के प्रधानाचार्य राजीव लोचन सिंह ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ विधिक जागरूकता भी आज की आवश्यकता है। मौके पर प्राविधिक कार्यकर्ता मनोरमा रावत, मीनाक्षी कपरुवान, ममता रमोला, बिमला नौटियाल, कोर्ट स्टाफ राम सिंह कैंतूरा, वरिष्ठ प्रवक्ता वीरपाल सिंह रावत, नरेंद्र सिंह रावत, सुरेश बलोदी, मनोज कुमार गुप्ता, सुनीता पंवार, मोनिका रौतेला, ज्योति किरण लोहानी, रेखा पंवार, ललित मोहन जोशी, दिवाकर नैथानी, सुशील सैनी आदि उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

