विकासनगर,10 दिसंबर (आरएनएस)। बहुउद्देश्यीय दीर्घाकार सहकारी समिति चकराता के नवनिर्वाचित अध्यक्ष उपाध्यक्ष और संचालक मंडल के सदस्यों ने बुधवार को शपथ ली। समिति की सचिव कीर्ति नैथानी ने पदाधिकारियों को पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में पहुंची मुख्य अतिथि पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चौहान ने नवनिर्वाचित सदस्यों से जनहित में कार्य करने की बात कही। बुधवार सुबह चकराता स्थित आर्य समाज मन्दिर में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में मुख्य अतिथि पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चौहान ने कहा कि नवनिर्वाचित पदाधिकारी जनहित में कार्य करें। कहा कि कुर्सी पर बैठने के बाद जनप्रतिनिधियों को पद की मर्यादा बनाए रखनी चाहिए। कार्यकर्ताओं का ख्याल भी रखना चाहिए। कहा कि समिति में आमजन के कार्यों को प्राथमिकता देनी होगी ताकि सरकार की योजनाएं आम व्यक्ति तक पहुंच सकें। उन्होंने कहा कि सरकार समितियों को मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके बाद समिति सचिव कीर्ति नैथानी ने अध्यक्ष पद पर विजयपाल सिंह, उपाध्यक्ष पद पर लीला देवी को पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई। वही, संचालक मंडल में सदस्य के पद पर हुकम सिंह, रवीश अरोड़ा, किरन, सुधा, लेख सिंह, सूरत सिंह को शपथ ग्रहण कराई। चार सदस्य नरेंद्र नेगी, चमन सिंह चौहान, बारूदत्त जोशी, रक्षा नेगी के अनुपस्थित रहने से उनकी शपथ नहीं हो पाई। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि छावनी परिषद के सदस्य अनिल चांदना, ज्येष्ठ प्रमुख कालसी मीरा राठौड़, पूर्व सदस्य आनंद राणा, जनजाति मोर्चा भाजपा के प्रदेश महामंत्री राजवीर राठौड़, चंदन चौहान, तीर्थ कुकरेजा, पूर्व जिला पंचायत सदस्य मीरा जोशी, सालक राम जोशी और नरेश रावत आदि शामिल रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

