न्यूयॉर्क ,13 दिसंबर । थाईलैंड और कंबोडिया के बीच चल रहा सीमा विवाद लगातार गंभीर होता जा रहा है। जहां हाल ही में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यह दावा किया था कि एक फोन कॉल से वह इस टकराव को खत्म कर सकते हैं, वहीं मौजूदा हालात में सीमा पर सैन्य कार्रवाई और तेज होती दिखाई दे रही है।
शनिवार को थाईलैंड की वायुसेना ने कंबोडिया से सटे इलाकों में हवाई हमले किए। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, थाई एयरफोर्स ने दो एफ-16 लड़ाकू विमानों की मदद से कई ठिकानों को निशाना बनाया और बमबारी की। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 5:50 बजे कंबोडिया के पश्चिमी प्रांत बट्टमबोंग के त्मोर दा इलाके में स्थित एक होटल भवन पर बम गिराया गया। इसके कुछ ही मिनट बाद, सुबह 5:55 बजे उसी क्षेत्र में एक अन्य होटल इमारत को भी निशाना बनाया गया।
इसके बाद हमलों का दायरा रणनीतिक ढांचों तक फैल गया। रिपोर्ट के अनुसार सुबह 6:02 बजे चेई चोम्नास पुल पर हमला किया गया, जबकि 6:07 बजे उसी पुल पर दोबारा बमबारी की गई। सुबह 6:12 बजे चेई चोम्नास के पुराने पुल को भी निशाना बनाया गया।
उल्लेखनीय है कि सीमा पर बढ़ते तनाव के बीच राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में कहा था कि वह थाईलैंड और कंबोडिया के बीच चल रहे संघर्ष को रोकने में सक्षम हैं। उन्होंने यह भी कहा था कि उनके हस्तक्षेप से क्षेत्र में शांति बहाल की जा सकती है। हालांकि जमीनी हालात बताते हैं कि दोनों देशों के बीच तनाव कम होने के बजाय और गहराता जा रहा है।
00

