नारनौल ,13 दिसंबर (आरएनएस)। हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल से एक बेहद चौंकाने वाली और दुखद घटना सामने आई है। यहां एक 42 वर्षीय होटल मालिक की कुर्सी पर बैठे-बैठे मोबाइल देखते हुए अचानक मौत हो गई। मौत का यह पूरा मंजर होटल में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया, जिसका वीडियो अब सामने आया है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे एक स्वस्थ व्यक्ति पल भर में दुनिया को अलविदा कह गया। मृतक की पहचान गांव गाहड़ा निवासी सुनील शर्मा के रूप में हुई है, जो कनीना में सूरज नाम से एक होटल के मालिक थे।
घटना शुक्रवार रात करीब साढ़े सात बजे की बताई जा रही है। परिजनों के मुताबिक, सुनील कुमार घर पर खाना खाने के बाद टहलने निकले थे और टहलते हुए अपने होटल पहुंच गए। वहां वे काउंटर के पास रखी कुर्सी पर आराम से बैठ गए और सामने रखे मुड्ढे पर पैर रखकर अपना मोबाइल देखने लगे। सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि वे करीब तीन मिनट तक मोबाइल में व्यस्त थे और कुर्सी पर हल्का-हल्का झूल रहे थे। अचानक उन्हें कुछ असहजता महसूस हुई, शायद उन्हें नींद जैसा झटका लगा और वे कुर्सी से सीधे नीचे लुढ़क गए।
होटल में मौजूद किराएदार और अन्य कर्मचारियों ने जब सुनील को गिरते देखा, तो वे तुरंत उनकी मदद के लिए दौड़े। उन्हें आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों की प्रारंभिक राय के अनुसार, सुनील की मौत हार्ट फेलियर यानी दिल का दौरा पडऩे से हुई है। हालांकि, पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है और आज उसका पोस्टमॉर्टम करवाया जाएगा, जिसके बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो पाएगी।
सुनील शर्मा के निधन से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वह पशु आहार बनाने का काम करते थे और राजस्थान में कंस्ट्रक्शन के ठेके भी लेते थे। उनके परिवार में पत्नी के अलावा तीन बच्चे हैं, जिनमें 15 और 11 साल के दो बेटे और 13 साल की एक बेटी है। घर के मुखिया की इस तरह अचानक हुई मौत ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले की आगे की जांच कर रही है।
00
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

