लखनऊ,13 दिसंबर (आरएनएस)। भाजपा में पंकज चौधरी को उत्तर प्रदेश प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने पर कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। कांग्रेस प्रवक्ता अंशू अवस्थी ने इस फैसले को लेकर भाजपा पर पिछड़ा वर्ग विरोधी होने का आरोप लगाते हुए कहा कि समय–समय पर भाजपा का असली चरित्र सामने आता रहा है और यह नियुक्ति भी उसी कड़ी का हिस्सा है।अंशू अवस्थी ने कहा कि पिछड़ी जातियों के कल्याण, उनके सशक्तिकरण और वास्तविक प्रतिनिधित्व के लिए कांग्रेस और राहुल गांधी द्वारा उठाए गए जातिगत जनगणना और सामाजिक न्याय के मुद्दे पर भाजपा और प्रधानमंत्री मोदी पूरी तरह मौन हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि भाजपा सच में पिछड़ों की हितैषी होती तो जातिगत जनगणना जैसे मुद्दे पर खुलकर समर्थन करती, जिससे आम पिछड़े वर्ग को उसका हक और भागीदारी मिल सके।कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि पंकज चौधरी के शपथ ग्रहण कार्यक्रम में स्वतंत्र देव सिंह जैसे वरिष्ठ नेता, जो स्वयं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं और कुर्मी समाज से आते हैं, उन्हें कोई अहम भूमिका या जिम्मेदारी नहीं दी गई। उन्होंने इसे भाजपा के अंदरूनी भेदभाव का उदाहरण बताते हुए कहा कि भाजपा केवल दिखावे के लिए पिछड़े वर्ग की बात करती है, जबकि असल निर्णयों में उन्हें हाशिये पर रखा जाता है।अंशू अवस्थी ने कहा कि भाजपा का यह दोहरा चरित्र अब जनता भली-भांति समझ चुकी है। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि इसी संदर्भ में यह कहावत पूरी तरह सटीक बैठती है कि “सौ चूहे खाकर बिल्ली चली हज करने।” कांग्रेस प्रवक्ता ने दावा किया कि प्रदेश की जनता अब भाजपा के इन विरोधाभासी कदमों को पहचान रही है और आने वाले समय में इसका राजनीतिक जवाब भी देगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

