उदयपुर 14 Dec, (rns) । राजस्थान के उदयपुर की योग प्रशिक्षक प्रतिभा सिंह ने लोकप्रिय टीवी शो कौन बनेगा करोड़पति (KBC) के स्पेशल एपिसोड ‘यूपीआई गोल्डन वीक’ में सदी के महानायक अमिताभ बच्चन को मंच पर योग का अभ्यास कराया। इस दौरान अमिताभ बच्चन ने पूरे उत्साह के साथ योगासन किए और योग से जुड़े लाभों को लेकर रुचि दिखाई। योग अभ्यास के दौरान अमिताभ बच्चन ने अपने चिर-परिचित हास्य अंदाज में कहा, “योग से छोटे लोग नाटे और लंबे हो जाते हैं, हमको तो करना ही नहीं चाहिए, हमारा तो हो गया।” उनकी इस टिप्पणी से कार्यक्रम का माहौल हल्का-फुल्का और जीवंत हो गया। प्रतिभा सिंह ने मंच पर अमिताभ बच्चन को ताड़ासन, नाड़ी शोधन और भ्रामरी प्राणायाम करवाया। योग के बाद बच्चन ने कहा कि उन्हें अच्छा और रिलैक्स महसूस हुआ तथा वे योग को अपनी जीवनशैली में अपनाने का प्रयास करेंगे।
केबीसी में प्रतिभा सिंह का चयन भीम ऐप के माध्यम से हुआ था। उन्होंने 11 सवालों के जवाब देकर साढ़े सात लाख रुपये की राशि जीती। प्रतिभा उदयपुर के मीरा नगर (शोभागपुरा) में अपने पति सुमित जैन के साथ योग केंद्र संचालित करती हैं, जहां वे बच्चों और आम लोगों को नियमित योग प्रशिक्षण देती हैं।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

