जोहानसवर्ग ,14 दिसंबर । दक्षिण अफ्रीका के क्वाज़ुलु-नटाल प्रांत में एक निर्माणाधीन चार मंजि़ला हिंदू मंदिर ढह जाने से बड़ा हादसा हो गया। इस दुर्घटना में 4 लोगों की मौत हो गई, जिनमें 52 वर्षीय भारतीय मूल का व्यक्ति भी शामिल है।
यह हादसा ईथेक्विनी के उत्तर में रेडक्लिफ इलाके में स्थित न्यू अहोबिलम टेम्पल ऑफ प्रोटेक्शन में हुआ, जहां पहाड़ी पर बने मंदिर का विस्तार कार्य चल रहा था। निर्माण के दौरान इमारत का एक हिस्सा अचानक गिर गया। पहले दो मौतों की पुष्टि हुई थी, जबकि शनिवार को मलबे से दो और शव बरामद किए गए। खराब मौसम के चलते राहत और बचाव कार्य फिलहाल रोक दिया गया है।
स्थानीय मीडिया के अनुसार मृतकों में विक्की जयराज पांडे शामिल हैं, जो मंदिर ट्रस्ट के एग्जीक्यूटिव सदस्य और निर्माण परियोजना के मैनेजर थे। मंदिर से जुड़ी चैरिटी संस्था के निदेशक ने भी उनकी मौत की पुष्टि की है। बताया जा रहा है कि यह मंदिर गुफा के आकार में डिजाइन किया गया था और इसके निर्माण में भारत से लाए गए पत्थरों का इस्तेमाल किया गया था। वहीं, ईथेक्विनी नगरपालिका ने कहा है कि इस प्रोजेक्ट के लिए किसी भी तरह की बिल्डिंग मंजूरी नहीं ली गई थी, जिससे यह निर्माण अवैध माना जा रहा है। मामले की जांच जारी है।
00

