नई दिल्ली,14 दिसंबर (आरएनएस)। भाजपा ने संगठन में बड़ा बदलाव किया है. नितिन नबीन को भाजपा का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया है. भाजपा संसदीय बोर्ड ने पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष के लिए नितिन नबीन के नाम पर मुहर लगाई. नितिन नबीन वर्तमान में बिहार सरकार में सड़क निर्माण मंत्री हैं.
बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने रविवार को एक बयान में कहा, भारतीय जनता पार्टी के संसदीय बोर्ड ने बिहार सरकार में मंत्री नितिन नबीन को तुरंत प्रभाव से भाजपा का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है.
भाजपा के वर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का कार्यकाल खत्म हो गया था. पार्टी में लंबे समय से उनके उत्तराधिकारी के लिए मंथन चल रहा था. अब, पार्टी शीर्ष नेतृत्व ने नितिन नबीन को राष्ट्रीय स्तर पर संगठन को चलाने की कमान सौंपी है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत तमाम भाजपा नेताओं ने पार्टी में नई जिम्मेदारी के लिए नितिन नबीन को बधाई दी. पीएम मोदी ने एक्स पोस्ट में लिखा, नितिन नबीन जी ने एक कर्मठ कार्यकर्ता के तौर पर अपनी पहचान बनाई है. वह एक युवा और मेहनती नेता हैं, जिनके पास संगठन का लंबा अनुभव है. बिहार में कई बार विधायक और मंत्री के तौर पर उनका शानदार रिकॉर्ड रहा है. उन्होंने लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए पूरी लगन से काम किया है. वह अपने विनम्र स्वभाव और काम करने के तरीके के लिए जाने जाते हैं. मुझे विश्वास है कि उनकी ऊर्जा और समर्पण आने वाले समय में पार्टी को मजबूत करेगा. उन्हें बीजेपी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने पर बधाई.
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी नितिन नबीन को बधाई दी. उन्होंने एक्स पोस्ट में लिखा, बिहार की धरती से आने वाले युवा और ऊर्जावान नेता नितिन नबीन को भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर हार्दिक बधाई. वह एक कर्मठ कार्यकर्ता और कल्पना क्षमता के धनी व्यक्ति हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रेरक नेतृत्व में वह भाजपा को सफलता की नई बुलंदियों तक ले जाने में जरूर सफल होंगे. उनके कार्यकाल की सफलता के लिए उन्हें ढेर सारी शुभकामनाएं.
केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने नितिन नबीन को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई दी. उन्होंने एक्स पर लिखा, ज्ञान और संस्कृति की पुण्यधरा बिहार के ओजस्वी भाजपा नेता एवं बिहार सरकार में मंत्री नितिन नबीन जी को भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त होने पर उन्हें आत्मीय बधाई देता हूं. मुझे पूर्ण विश्वास है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन एवं आपके नेतृत्व में संगठन राष्ट्र व जनसेवा की भावनाओं के साथ नए आयाम स्थापित करेगा. आपके सफल कार्यकाल के लिए हार्दिक शुभकामनाएं.
नितिन नबीन पटना की बांकीपुर सीट से विधायक हैं. उनका संबंध राजनीतिक परिवार से है. उनके पिता नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा बिहार में भाजपा के बड़े नेता थे. नितिन नबीन छात्र राजनीति से लेकर भाजपा संगठन में भी विभिन्न पदों पर काम कर चुके हैं. वह भाजपा के अनुशासित सिपाही माने जाते हैं. वह पांच बार के विधायक हैं. नितिन नबीन छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रभारी हैं.
45 वर्षीय नितिन नबीन ने सड़क निर्माण मंत्री के रूप में अच्छी पहचान बनाई है. उन्हें युवा, आधुनिक सोच और ऊर्जावान नेता के रूप में जाना जाता है.
नितिन नबीन पटना की बांकीपुर सीट से पांचवीं बार विधायक हैं. 2006 में उन्होंने पहली बार उपचुनाव में जीत हासिल की थी. उन्होंने 2010, 2015, 2020 और 2025 के विधानसभा चुनावों में जीत दर्ज की. नवंबर में हुए विधानसभा चुनाव में उन्होंने 98,299 वोट हासिल किया और राजद उम्मीदवार रेखा कुमारी को 51,936 मतों के अंतर से हराया. यह नितिन नबीन की अब तक की सबसे बड़ी जीत है.
इससे पहले, भाजपा ने उत्तर प्रदेश इकाई का नया अध्यक्ष नियुक्त किया. केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी को उत्तर प्रदेश भाजपा की कमान सौंपी गई है.
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

