नईदिल्ली ,14 दिसंबर (आरएनएस)। कांग्रेस की ओर से दिल्ली के रामलीला मैदान पर रविवार को वोट चोर गद्दी छोड़ रैली आयोजित की गई। इसमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, केसी वेणुगोपाल और सचिन पायलट समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। रैली में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ जमकर विवादित और अभद्र नारे लगाए। इसको लेकर भाजपा ने कड़ा विरोध जताते हुए प्रधानमंत्री का अपमान करने का आरोप लगाया है।
भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने एक वीडियो एक्स पर साझा करते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ अभद्र और भद्दे नारे लगाने का आरोप लगाया है। उन्होंने लिखा, रामलीला मैदान में रैली से पहले कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारे लगाते हुए प्रधानमंत्री मोदी को जान से मारने की धमकी दी। राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस शहरी नक्सलियों द्वारा समर्थित मुस्लिम लीग जैसी माओवादी पार्टी बन गई है! जनता इसका जवाब मोदी तेरा कमल खिलेगा से देगी।
भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने एक्स पर लिखा, कांग्रेस का एजेंडा साफ है। यह एसआईआर के खिलाफ नहीं है। यह संविधान पर वार के बारे में है। वह एसआईआर के नाम पर प्रधानमंत्री मोदी को हटाना चाहते हैं? हाल ही में राहुल गांधी ने भी ईसीआई को धमकी दी थी। अब तक कांग्रेस प्रधानमंत्री मोदी को 150 से अधिक बार गाली दे चुकी है। बता दें कि कांग्रेस ने आज वोट चोरी के खिलाफ विशाल रैली का आयोजन किया है।
भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि जनता अपने प्रिय नेता के इस अपमान को बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा, मैंने व्यक्तिगत रूप से यह नारा नहीं सुना है, लेकिन मैं इसकी बारीकी से जांच करूंगा। अगर वाकई ऐसे नारे लगाए गए हैं, तो इससे पता चलता है कि कांग्रेस अभी भी जनभावना को समझने में नाकाम है। जब भी उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी या उनके परिवार के खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल किया है, जनता ने उन्हें नकार दिया है।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

