लंदन ,21 दिसंबर। ब्रिटेन के डर्बी शहर में साल 2023 में एक कबड्डी टूर्नामेंट के दौरान हुई हिंसक झड़प के मामले में अदालत ने सख्त फैसला सुनाया है। खेल के मैदान को जंग के मैदान में बदलने वाले भारतीय मूल के तीन व्यक्तियों को दोषी करार देते हुए जेल की सजा सुनाई गई है। डर्बी पुलिस ने जानकारी दी कि बूटा सिंह, दमनजीत सिंह और राजविंदर तखर सिंह को नवंबर में चले मुकदमे में दोषी पाए जाने के बाद 19 दिसंबर को डर्बी क्राउन कोर्ट ने सजा का ऐलान किया है। यह फैसला खेल आयोजनों में अनुशासन और कानून व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में एक कड़ा संदेश माना जा रहा है।
यह पूरा मामला 20 अगस्त 2023 का है, जब डर्बी में आयोजित एक कबड्डी मैच के दौरान दो गुटों में पहले से रची गई साजिश के तहत भिड़ंत हो गई थी। पुलिस अधिकारियों द्वारा हासिल किए गए वीडियो फुटेज ने आरोपियों की पोल खोल दी, जिसमें बूटा सिंह विरोधी गुट के सदस्यों का आक्रामक तरीके से पीछा करते हुए दिखाई दिया। पुलिस की जांच में सामने आया कि यह हिंसा अचानक नहीं भड़की थी, बल्कि सुनियोजित थी। घटना के दो दिन बाद जब पुलिस ने बूटा सिंह की कार को रोका और तलाशी ली, तो उसकी डिग्गी से दो धारदार हथियार बरामद हुए, जिसने मामले की गंभीरता को और बढ़ा दिया।
अदालत में पेश किए गए सबूतों और फुटेज में दमनजीत सिंह और राजविंदर तखर सिंह को भी दंगे के दौरान हाथों में बड़े चाकू लहराते हुए देखा गया। इन तीनों को हिंसक अव्यवस्था फैलाने और आपत्तिजनक हथियार रखने के गंभीर आरोपों में गिरफ्तार किया गया था। डर्बी क्राउन कोर्ट ने अपराध की गंभीरता को देखते हुए बूटा सिंह को चार साल, दमनजीत सिंह को तीन साल और चार महीने तथा राजविंदर तखर सिंह को तीन साल और दस महीने की जेल की सजा सुनाई है।
मामले की जांच कर रहे डिटेक्टिव चीफ इंस्पेक्टर मैट क्रूम ने फैसले के बाद कहा कि जो दिन खेल देखने और मनोरंजन का होना चाहिए था, वह हिंसा और चोट का दिन बन गया। उन्होंने बताया कि ब्रंसविक स्ट्रीट में दोनों गुट पहले से इक_ा हुए थे और योजनाबद्ध तरीके से इस झगड़े को अंजाम दिया गया। इस घटना का स्थानीय निवासियों और मैच देखने आए दर्शकों, जिनमें परिवार और बच्चे भी शामिल थे, उन पर गहरा और बुरा असर पड़ा था। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह की हिंसा कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
00
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

