मिल्कीपुर-अयोध्या 22 दिसंबर (आरएनएस)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अयोध्या डॉ. गौरव ग्रोवर द्वारा अपराध नियंत्रण एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जनपद में लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण बलवंत चौधरी के निर्देशन में तथा थानाध्यक्ष कुमारगंज ओमप्रकाश के नेतृत्व में रविवार की रात चेकिंग अभियान के दौरान एक अभियुक्त को अवैध असलहे के साथ गिरफ्तार किया गया। पुलिस टीम ने कुमारगंज थाना क्षेत्र के धनैचा देशी शराब ठेके के पास चेकिंग के दौरान संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान अभियुक्त के पास से 12 बोर का एक अदद तमंचा तथा एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। मौके पर ही पुलिस ने अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान थाना कुमारगंज क्षेत्र के उधुई, विंध्य पांडे का पुरवा निवासी शीतल प्रकाश पांडे उर्फ बब्बू पांडे पुत्र सिद्धनाथ पांडे के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार अभियुक्त के खिलाफ पूर्व में भी दो मुकदमे दर्ज हैं, जिससे उसका आपराधिक इतिहास सामने आया है। इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष ओमप्रकाश के साथ उप निरीक्षक विमल कुमार यादव, कांस्टेबल विकास कुमार तथा कांस्टेबल शशिकांत मिश्रा शामिल रहे। थानाध्यक्ष ओमप्रकाश ने बताया कि अभियुक्त के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

