नई दिल्ली ,28 दिसंबर (आरएनएस)। ओलंपिक गोल्ड मेडलिस्ट नीरज चोपड़ा और टेनिस खिलाड़ी हिमानी मोर की शादी की रिसेप्शन पार्टी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल हुए। इस खास मौके का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें प्रधानमंत्री मोदी नवविवाहित जोड़े को उपहार देते, उनके साथ फोटो खिंचवाते और उन्हें आशीर्वाद देते नजर आ रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ने नीरज और हिमानी से आत्मीय बातचीत भी की।
गौरतलब है कि नीरज चोपड़ा ने इसी साल जनवरी में हिमानी मोर से बेहद सादगीपूर्ण तरीके से शादी की थी। उस समय शादी की जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई थी और परिवार के सदस्यों व करीबी दोस्तों की मौजूदगी में यह समारोह संपन्न हुआ था। बाद में नीरज ने सोशल मीडिया के जरिए शादी की तस्वीरें साझा कर इस खुशखबरी को लोगों तक पहुंचाया था।
शादी के लगभग एक साल बाद नीरज और हिमानी ने भव्य रिसेप्शन का आयोजन किया। 26 दिसंबर को हरियाणा के करनाल में पहला रिसेप्शन दिया गया, जबकि 27 दिसंबर को दिल्ली के द लीला पैलेस में दूसरा रिसेप्शन आयोजित हुआ। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिल्ली में हुए इस समारोह में खेल, राजनीति और समाज जगत की कई जानी-मानी हस्तियां शामिल हुईं, जिनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी पहुंचे।
इससे पहले नीरज और हिमानी प्रधानमंत्री मोदी से उनके आवास 7 लोक कल्याण मार्ग पर भी मुलाकात कर चुके हैं। उस मुलाकात की तस्वीर साझा करते हुए पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा था कि उन्होंने नीरज चोपड़ा और उनकी पत्नी हिमानी मोर से खेल सहित कई विषयों पर चर्चा की।
नीरज चोपड़ा के खेल करियर पर नजर डालें तो उन्होंने टोक्यो ओलंपिक 2020 में स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया था। इसके बाद पेरिस ओलंपिक 2024 में उन्होंने रजत पदक अपने नाम किया। नीरज वर्ल्ड चैंपियनशिप और डायमंड लीग में भी स्वर्ण पदक जीत चुके हैं। वहीं उनकी पत्नी हिमानी मोर पूर्व टेनिस खिलाड़ी रह चुकी हैं। उन्होंने अमेरिका की न्यू हैम्पशर स्थित फ्रैंकलिन पियर्स यूनिवर्सिटी से स्पोर्ट्स मैनेजमेंट में डिग्री हासिल की है और दिल्ली के मिरांडा हाउस से पॉलिटिकल साइंस व फिजिकल एजुकेशन की पढ़ाई की है।
00
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

