हरिद्वार 29 दिसंबर (आरएनएस। जनता की समस्याओं को सीधे सुनने के साथ त्वरित समाधान के उद्देश्य से सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में जनसुनवाई हुई। कुल 21 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से नौ का मौके पर निस्तारण किया गया, जबकि शेष मामलों को जिम्मेदार विभागों को भेजा गया। डीएम मयूर दीक्षित के निर्देशन में हुई जनसुनवाई की अध्यक्षता एडीएम-प्रशासन पीआर चौहान और एडीएम-वित्त एवं राजस्व दीपेंद्र सिंह नेगी ने की। इस दौरान राजस्व, भूमि विवाद, विद्युत, अतिक्रमण, वन भूमि, चकरोड और अवैध खनन से जुड़ी शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं। पदम प्रसाद ने चूडिय़ाल मोहनपुर के खेल मैदान से अवैध कब्जा हटाने की मांग की। चंद्रावती देवी निवासी अजीतपुर ने बिशनपुर मुस्तकम में चकरोड-188 पर अतिक्रमण की शिकायत दर्ज कराई। राज्य निर्माण आंदोलनकारी सुरेंद्र सैनी ने नगर निगम की नजूल भूमि से अवैध कब्जा हटाने का प्रार्थना पत्र दिया। आजाद सिंह निवासी प्रह्लादपुर ने तहसील लक्सर क्षेत्र में वन भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत की। ग्राम पंचायत मूलदासपुर उर्फ माजरा के ग्रामीणों ने दिन-रात अवैध खनन से खेतों को हो रहे नुकसान की बात रखी। गोगा महाड़ी सेवा समिति सिकंदरपुर भैसवाल ने गोगा महाड़ी मेला भूमि पर सरकारी पार्किंग के निर्माण को रोकने की मांग की। इस बैठक में सीएमओ डॉ. आरके सिंह, डीडीओ वेद प्रकाश, एसई डीपी सिंह, मुख्य शिक्षा अधिकारी आशुतोष भंडारी भी मौजूद रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

