हरिद्वार 29 दिसंबर (आरएनएस। बहादराबाद थाना क्षेत्र के ग्राम भौंरी में सार्वजनिक रास्ते को लेकर उठी आवाज को लाठी-डंडों से दबाने की कोशिश की गई। आरोप है कि अवैध रूप से पुश्ता निकालकर रास्ता बंद करने का विरोध करने पर दबंगों ने कुछ ग्रामीणों पर हमला कर दिया। कई लोग घायल हुए। हमलावर जाते-जाते जान से मारने की धमकी तक दे गए। पुलिस ने इस मामले में सोमवार को मुकदमा दर्ज किया है। पीडि़त राकेश पुत्र समय सिंह निवासी भौंरी भारापुर ने पुलिस को बताया कि उनके बैठक के पास जगपाल पुत्र प्रेम सिंह ने हाल ही में मकान बनवाया है, जिसके सामने से पूरे मोहल्ले का सार्वजनिक रास्ता निकलता है। आरो है कि जगपाल ने रास्ते पर बड़ा पुश्ता निकालकर इसे अवरुद्ध कर दिया। लोगों ने कई बार समझाया, लेकिन पुश्ता नहीं हटाया गया। 24 दिसंबर को जब लोग एकजुट होकर बात करने पहुंचे, तो आरोपी जगपाल, उसके पुत्र ललित, बुड्डी पुत्र रोहतास, ऋषिपाल पुत्र प्रेम, मोहित पुत्र ऋषिपाल और सुनील पुत्र ऋषिपाल ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कई लोगों को गंभीर चोट आई। इधर, एसओ अंकुर शर्मा ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इस प्रकरण की जांच की जा रही है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

