बीजिंग ,03 जनवरी । चीन में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही सख्त मुहिम के तहत एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने न केवल देश बल्कि पूरी दुनिया को चौंका दिया है। चीन के हाइहौ शहर के पूर्व मेयर झांग छी को बड़े भ्रष्टाचार मामले में दोषी पाए जाने के बाद मौत की सजा सुनाई गई है। जांच के दौरान उसके घर से जो कुछ बरामद हुआ, उसने सभी को हैरान कर दिया।
एक न्यूज वेबसाइट ‘जामिनÓ में प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, जब जांच एजेंसियों ने पूर्व मेयर के अपार्टमेंट पर छापा मारा तो वहां से करीब 13,500 किलोग्राम सोना और लगभग 3,400 करोड़ भारतीय रुपये के बराबर युआन नकद बरामद किए गए। इतनी बड़ी मात्रा में नकदी और सोना किसी सरकारी अधिकारी के घर से मिलना चीन के इतिहास में बेहद दुर्लभ माना जा रहा है। इसके अलावा, चीन और विदेशों में स्थित उसकी लग्जरी रियल एस्टेट संपत्तियां और महंगी कारों का कलेक्शन भी जब्त किया गया।
जांच में सामने आया कि वर्ष 2009 से 2019 के बीच झांग छी ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए सरकारी ठेके दिलाने और जमीन से जुड़े सौदों को मंजूरी देने के बदले योजनाबद्ध तरीके से रिश्वत ली। इस दौरान उसने अवैध रूप से सैकड़ों अरब रुपये की संपत्ति जमा की।
अदालत ने झांग छी को सरकारी धन के गबन, पद के दुरुपयोग और गंभीर भ्रष्टाचार का दोषी ठहराया। फैसले में कहा गया कि उसने जनता के भरोसे को तोड़ा और राज्य को भारी आर्थिक नुकसान पहुंचाया। इन्हीं आधारों पर उसे मौत की सजा सुनाई गई। इस मामले को चीन के इतिहास के सबसे विवादास्पद भ्रष्टाचार विरोधी मामलों में से एक माना जा रहा है।
00

