जौनपुर 9 नवंबर (आरएनएस )। हिंदी भाषी फाउंडेशन द्वारा पट्टीनरेन्द्रपुर के नेशनल इण्टर कालेज परिसर में आयोजित नि:शुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस शिविर में 767 मरीजों के आंखों की जांच विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा नि:शुल्क की गई। जरूरतमंदों को चश्मे और दवाइयां भी वितरित की गईं। साथ ही, मोतियाबिंद के ऑपरेशन के लिए 50 से अधिक योग्य मरीजों का पंजीकरण भी किया गया।इस चिकित्सा सेवा को दिशा हॉस्पिटल के सुप्रसिद्ध नेत्र विशेषज्ञ डॉ. वेंकटेश श्रीवास्तव, सहायक अतुल श्रीवास्तव एवं उनकी टीम ने सफलतापूर्वक नियंत्रित किया। हिंदी भाषी फाउंडेशन के अध्यक्ष आनंद सिंह (बंटी) ने बताया कि फाउंडेशन का मुख्य उद्देश्य नर सेवा नारायण सेवा के सिद्धांत को साकार करना है। ऐसे शिविरों के माध्यम से गरीब और जरूरतमंद लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा रही हैं।इससे पहले फरवरी माह में भी ईशापुर इण्टर कॉलेज में हजारों मरीजों का नेत्र परीक्षण कर नि:शुल्क दवाइयां और चश्मा वितरित किए गए थे, साथ ही 63 मरीजों के सफल ऑपरेशन भी किए गए थे। शिविर के आयोजन और संचालन में युवा नेता शिवम रजक, अतुल सिंह, प्रमोद सिंह, पप्पू दूबे, पिंटू फौजी, राम सिंह, प्रिंस सिंह, प्रदीप कुमार, रोहित सिंह और राजा सिंह का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा।

