काठमांडू ,04 जनवरी । नेपाल के झापा जिले के भद्रपुर एयरपोर्ट पर काठमांडू से आ रहा बुद्ध एयर का एक यात्री विमान लैंडिंग के दौरान रनवे से फिसल गया। विमान में सवार 51 यात्रियों और चार क्रू सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, हालांकि कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आने की सूचना है।
घटना के तुरंत बाद एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी मच गई और उड़ान संचालन कुछ समय के लिए बाधित रहा। हादसे के बाद एक बार फिर नेपाल में विमानन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
जांच में जुटी सिविल एविएशन अथॉरिटी
बुद्ध एयर की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि घटना की विस्तृत जांच के लिए नेपाल की सिविल एविएशन अथॉरिटी (सीएएन) के साथ पूरा सहयोग किया जा रहा है। सीएएन के मुताबिक, लैंडिंग के समय विमान अपेक्षा से अधिक एंगल पर रनवे को छू गया, जिससे उसका संतुलन बिगड़ गया और वह रनवे से बाहर चला गया। प्राथमिक जांच में तकनीकी कारणों, पायलट के आकलन और मौसम की स्थिति की भूमिका की गहन पड़ताल की जा रही है।
रनवे मानकों पर भी नजर
अधिकारियों के अनुसार भद्रपुर एयरपोर्ट का रनवे एटीआर श्रेणी के विमानों के लिए न्यूनतम निर्धारित मानकों के अनुरूप है। हालांकि घटना के बाद सुरक्षा कारणों से रनवे की प्रभावी लंबाई अस्थायी रूप से कम कर दी गई और आवश्यक निरीक्षण के बाद हवाई अड्डे का संचालन फिर शुरू किया गया।
स्वतंत्र समिति के संकेत
एविएशन विशेषज्ञ कुमार चालिसे ने कहा कि यदि विमान के मुख्य ढांचे या लैंडिंग गियर को नुकसान पहुंचा है तो अंतरराष्ट्रीय विमानन मानकों के तहत इसे गंभीर दुर्घटना की श्रेणी में रखा जाएगा। सिविल एविएशन अथॉरिटी ने आंतरिक जांच के साथ-साथ एक स्वतंत्र जांच समिति गठित करने के संकेत दिए हैं। हादसे के कारणों की अंतिम रिपोर्ट आने के बाद ही जिम्मेदारी तय हो सकेगी, लेकिन इस घटना ने एक बार फिर हवाई सुरक्षा मानकों की समीक्षा की जरूरत को उजागर कर दिया है।
00
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

