इस्लामाबाद ,07 जनवरी। पाकिस्तान में आतंकी संगठनों की गतिविधियां एक बार फिर सामने आई हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में पाकिस्तान समर्थित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के एक वरिष्ठ आतंकी ने भारत के खिलाफ भड़काऊ और आपत्तिजनक बयान दिए हैं। वीडियो में भारत को धमकाने के साथ-साथ हिंसा के लिए उकसाने वाली भाषा का इस्तेमाल किया गया है।
खुले मंच से भारत विरोधी भाषण
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ‘ओसिन टीवीÓ नामक हैंडल से साझा किए गए वीडियो में लश्कर के बहावलपुर चीफ सैफुल्ला सैफ को एक जनसभा को संबोधित करते हुए देखा जा सकता है। सैकड़ों संदिग्ध आतंकियों की मौजूदगी में दिए गए इस भाषण में उसने भारत के खिलाफ जहर उगला और ‘गजवा-ए-हिंदÓ जैसे नारे लगाए। इस दौरान उसने भारतीय नेताओं के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियां करते हुए हिंसा की खुली धमकी भी दी। भड़काऊ भाषण में सैफुल्ला सैफ ने दावा किया कि अब भारत के खिलाफ जिहाद का समय आ गया है और उसने अपने समर्थकों को कथित तौर पर बड़े हमलों के लिए तैयार रहने को कहा। उसने क्षेत्रीय हालात बदलने और पड़ोसी देशों के समर्थन का दावा भी किया, हालांकि इन बयानों की कोई स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
भारतीय सुरक्षा एजेंसियां सतर्क
वीडियो सामने आने के बाद भारतीय सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं। सुरक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि इस तरह के खुले मंच से दिए गए बयान पाकिस्तान में आतंकियों को मिल रही कथित छूट की ओर इशारा करते हैं। यह घटनाक्रम एक बार फिर पाकिस्तान के उन दावों पर सवाल खड़े करता है, जिनमें वह आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई की बात करता रहा है।
पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे बयान
गौरतलब है कि इससे पहले दिसंबर 2025 में लश्कर-ए-तैयबा के एक अन्य वरिष्ठ आतंकी ने भी सार्वजनिक मंच से भारत के खिलाफ भड़काऊ भाषण दिया था। लगातार सामने आ रहे ऐसे बयान क्षेत्रीय सुरक्षा के लिहाज से गंभीर चिंता का विषय माने जा रहे हैं।
00

