भोपाल 9 जनवरी (आरएनएस)। ब्रिज विहार कॉलोनी में शुक्रवार की सुबह नगर निगम की टीम नल कनेक्शन काटने पहुंची। इस कार्रवाई से लोग नाराज हो गए। इसके चलते दोपहर में फिर से कनेक्शन जोड़े गए।
ब्रिज विहार कॉलोनी यूनियन कार्बाइड जहरीले कचरे की वजह से प्रदूषित भूजल वाले इलाके में शामिल हैं। इसलिए गैस पीडि़त संगठनों ने भी आपत्ति दर्ज कराई। गैस पीडि़त संगठन की रचना ढिंगरा ने बताया कि भूजल प्रदूषित होने की वजह से लोग पानी नहीं पी सकते।
ऐसे में उनके सामने नल कनेक्शन ही बड़ा सहारा है। शुक्रवार सुबह निगम का अमला जेसीबी से कॉलोनी में पहुंचा और कनेक्शन काटने लगा। इसे लेकर अफसरों के सामने आपत्ति दर्ज कराई।
विरोध के चलते दोपहर बाद निगमकर्मियों ने फिर से कनेक्शन जोड़ दिए। रहवासियों ने बताया कि निगमकर्मी सुबह से कॉलोनी में नल कनेक्शन काटने लगे। कार्रवाई के बारे में जब पूछा तो झूठ बोलते हुए कहा कि पाइप लाइन सुधार रहे हैं, लेकिन कहीं भी लाइन लीकेज नहीं हुई थी।
जल और संपत्ति कर की राशि बकाया होने पर नगर निगम ने कार्रवाई शुरू की है। निगम संपत्ति भी कुर्क कर रहा है। एक दिन पहले गुरुवार को मान सरोवर कॉम्पलेक्स की दो दुकानों पर कार्रवाई की गई थी। अफसरों की माने तो वित्तीय वर्ष खत्म होने से पहले बकाया राशि वसूलने पर फोकस है। इसलिए सख्ती भी की जाएगी।

