जबलपुर ,10 जनवरी (आरएनएस)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के अधारताल थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां रिछाई औद्योगिक क्षेत्र में एक सिरफिरे आशिक ने अपनी पूर्व मंगेतर की चाकू मारकर हत्या कर दी। मृतिका ने दहेज की मांग और लड़के के खराब व्यवहार के चलते शादी तोड़ दी थी, जिससे नाराज होकर आरोपी ने इस खौफनाक घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी साहिल रजक और उसके सहयोगी अजय को गिरफ्तार कर लिया है।
शादी समारोह में हुई थी मुलाकात, फरवरी में होनी थी शादी
अपर पुलिस अधीक्षक सूर्यकांत शर्मा ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि मृतिका की पहचान 19 वर्षीय ऋचा रजक के रूप में हुई है, जो इमलिया गांव की रहने वाली थी और रिछाई की एक फैक्ट्री में काम करती थी। ऋचा और आरोपी साहिल की मुलाकात करीब दो साल पहले एक शादी समारोह में हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और दोनों परिवारों की रजामंदी से उनका रिश्ता तय हो गया था। दोनों की सगाई भी हो चुकी थी और अगले महीने फरवरी में उनकी शादी होनी तय थी।
5 लाख का दहेज और शक बना हत्या की वजह
सगाई के बाद साहिल और उसके परिवार की नीयत बदल गई। पुलिस के अनुसार, साहिल ने ऋचा के परिजनों को फोन कर 5 लाख रुपये दहेज की मांग शुरू कर दी। मांग पूरी न होने पर उसने लड़की के घरवालों के साथ गाली-गलौज और अभद्रता की। साहिल के इस लालची और हिंसक व्यवहार से तंग आकर ऋचा ने शादी करने से इनकार कर दिया और रिश्ता तोड़ दिया। रिश्ता टूटने से साहिल बुरी तरह बौखला गया था। उसे यह भी शक था कि ऋचा किसी और लड़के से बात करती है, जिसके चलते वह उसे लगातार जान से मारने की धमकियां दे रहा था।
फैक्ट्री से लौटते वक्त बीच सड़क पर किया हमला
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वारदात गुरुवार रात की है। साहिल अपने दोस्त अजय के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर रिछाई औद्योगिक इलाके में पहुंचा। वहां उन्होंने फैक्ट्री से काम खत्म करके घर लौट रही ऋचा को बीच रास्ते में रोक लिया। इसके बाद दोनों ने मिलकर उस पर चाकू से हमला कर दिया। आरोपियों ने ऋचा की गर्दन और सीने पर तीन-चार बार वार किए, जिससे वह खून से लथपथ होकर गिर पड़ी। गंभीर रूप से घायल ऋचा को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां जिंदगी और मौत से जूझते हुए शुक्रवार दोपहर उसने दम तोड़ दिया। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
00
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

