भोपाल,10 जनवरी (आरएनएस)। 45वीं अखिल भारतीय गुलाब प्रदर्शनी में नगर निगम, भोपाल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए फ्लावर कैटेगरी में 19 प्रथम पुरस्कार, 22 द्वितीय पुरस्कार तथा शासकीय एवं संस्थागत उद्यानों की विभिन्न श्रेणियों में 01 पार्क को प्रथम तथा 03 पार्कों को द्वितीय पुरस्कार प्राप्त हुआ।
नगर निगम, भोपाल द्वारा नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही पर्यावरण संरक्षण एवं जन स्वास्थ्य के दृष्टिगत उद्यानों/पार्कों का बेहतर विकास एवं संधारण सुनिश्चित किया जा रहा है साथ ही निगम की नर्सरियों में विभिन्न प्रकार के फूलदार एवं सजावटी पौधों को विकसित करने का कार्य भी किया जा रहा है। निगम के उक्त प्रयासों के फलस्वरूप निगम के पार्कों एवं फूलों विशेषकर गुलाब की विभिन्न प्रजातियों की प्रशंसा भी की जा रही है और विभिन्न प्रतियोगिताओं में पुरस्कृत भी किया जा रहा है। इसी क्रम में राजधानी भोपाल में आयोजित 45वीं अखिल भारतीय गुलाब प्रदर्शनी में नगर निगम, भोपाल द्वारा प्रदर्शित फूलों की प्रविष्टियों एवं उद्यानों की सराहना की गई और उन्हें पुरस्कृत भी किया गया।
लिंक रोड नं. 01 स्थित गुलाब उद्यान में आयोजित गुलाब प्रदर्शनी में नगर निगम, भोपाल को फ्लावर कैटेगरी में 19 प्रथम पुरस्कार तथा 22 द्वितीय पुरस्कार प्राप्त हुए साथ ही शासकीय एवं संस्थागत उद्यानों के लघु उद्यान वर्ग में नगर निगम, भोपाल के पुरूषोत्तम गौर उद्यान को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ जबकि मध्यम उद्यान वर्ग प्रतियोगिता में नंदन कानन उद्यान को द्वितीय, लघुत्तम उद्यान वर्ग में विवेकानंद उद्यान को द्वितीय स्थान तथा लघु उद्यान वर्ग प्रतियोगिता में फिरदौस उद्यान को द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ। निगम की ओर से उद्यान शाखा के अधिकारियों/कर्मचारियों ने उक्त पुरस्कार प्राप्त किये।

