हल्द्वानी 12 जनवरी (आरएनएस)। उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय (यूओयू) के दसवें दीक्षांत समारोह में कुलपति प्रो.नवीन चंद्र लोहनी ने कहा कि विवि अब केवल शहरों तक सीमित नहीं है, बल्कि हम गांव-गांव तक शिक्षा पहुंचा रहे हैं। दूरस्थ शिक्षा के माध्यम से राज्य के दुर्गम इलाकों में भी उच्च शिक्षा उपलब्ध कराने में यूओयू ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने बताया कि विवि अब केन्द्रीय मूल्यांकन व्यवस्था लागू करने जा रहा है। इससे रिजल्ट जल्द जारी किए जाएंगे। जो डिग्री पहले छात्र-छात्राओं को देरी से मिलती थी, वह भी जल्द मिलेगी। उन्होंने बताया कि यूओयू ने पिछले कुछ वर्षों में ऑनलाइन और ओपन लर्निंग के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। विभिन्न पाठ्यक्रमों में हजारों छात्रों को डिग्री प्रदान की हैं, जिसमें ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। कुलपति ने कहा हमारा लक्ष्य है कि उत्तराखंड के हर गांव, हर घर तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचे। दूरस्थ शिक्षा पद्धति के जरिए हम उन छात्रों को अवसर दे रहे हैं जो नियमित कॉलेज नहीं जा सकते। उन्होंने भविष्य की योजनाओं पर भी विस्तार से बात की, जिसमें नए पाठ्यक्रमों की शुरुआत, अधिक अध्ययन केंद्रों की स्थापना, ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष जागरूकता अभियान शामिल हैं। उन्होंने बताया कि आज अमेरिका, कनाडा समेत 51 देशों के छात्र भी यूओयू से जुड़े हैं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

