हल्द्वानी 12 जनवरी (आरएनएस)। जंगलात चौकी से बरसाती नाले के डायवर्जन का कार्य बजट की कमी के चलते पिछले सात माह से अधर में लटका है। इससे बिठौरिया नंबर-1 स्थित गैरवैशाली क्षेत्र की 16 कॉलोनियों में जलभराव का खतरा गहरा गया है। विभाग की इस सुस्ती से नाराज क्षेत्रवासी एक बार फिर आंदोलन की रणनीति बना रहे हैं। सोमवार को वनचौकी में हुई बैठक में निर्णय लिया गया कि आगामी 18 जनवरी को प्रभावित कॉलोनियों की एक खुली बैठक बुलाई जाएगी। देवकी विहार विकास समिति के अध्यक्ष रमेश चंद्र पांडे ने बताया कि नाले के डायवर्जन के लिए स्वीकृत 339 मीटर योजना में से केवल 137 मीटर का ही निर्माण हो पाया है। शेष 202 मीटर और डिस्टिलिंग टैंक के लिए सिंचाई विभाग ने 188.30 लाख रुपये के बजट की मांग की है, जो सात माह बाद भी नहीं मिल पाया है। बैठक में पार्षद नवीन जोशी और सूबेदार (सेनि.) बलवंत सिंह बिष्ट ने भी बजट न मिलने पर रोष जताया। तय किया कि 18 जनवरी की बैठक में विधायक बंशीधर भगत को आमंत्रित कर कार्य रुकने का कारण पूछा जाएगा। बैठक को बहादुर सिंह हरडिय़ा, किशोरी लाल, त्रिलोक सिंह पपोला, नन्दन सिंह भंडारी, दीवान सिंह टाकुली, लाल सिंह असवाल, महेश सिंह, गीता, रेखा, अनीता, छाया, अंजू , गीता आदि ने भी संबोधित किया।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

