नई दिल्ली 15 Jan, (Rns): सिंगापुर की एक कोरोनर कोर्ट में मशहूर भारतीय सिंगर और गीतकार जुबीन गर्ग की मौत के मामले में चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। जांच अधिकारियों ने कोर्ट को बताया कि पिछले साल सितंबर में लाजरस आइलैंड के पास डूबने से पहले जुबीन गर्ग बहुत ज्यादा नशे में थे और उन्होंने लाइफ जैकेट पहनने से साफ इनकार कर दिया था। 52 वर्षीय सिंगर 19 सितंबर 2025 को एक यॉट पार्टी में शामिल थे, जहां यह हादसा हुआ। उन्हें अगले ही दिन सिंगापुर में आयोजित होने वाले ‘नॉर्थ ईस्ट इंडिया फेस्टिवल’ में परफॉर्म करना था।
लाइफ जैकेट उतारने के बाद हुआ हादसा
चैनल न्यूज एशिया की रिपोर्ट के मुताबिक, मुख्य जांच अधिकारी ने कोर्ट में बताया कि सिंगर ने शुरुआत में लाइफ जैकेट पहनी थी, लेकिन थोड़ी देर बाद उसे उतार दिया। जब उन्हें दोबारा दूसरी जैकेट दी गई, तो उन्होंने उसे पहनने से मना कर दिया। अधिकारी ने गवाहों के हवाले से बताया कि उस वक्त गर्ग नशे की हालत में थे। कई लोगों ने उन्हें यॉट की तरफ तैरने की कोशिश करते हुए देखा, लेकिन तभी वे अचानक बेहोश हो गए और उनका चेहरा पानी में डूब गया।
मिर्गी की बीमारी और दवा पर सस्पेंस
हादसे के तुरंत बाद उन्हें यॉट पर वापस लाया गया और सीपीआर (CPR) दिया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी और उसी दिन उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। कोर्ट को यह भी बताया गया कि सिंगर को हाइपरटेंशन और मिर्गी (Epilepsy) की पुरानी बीमारी थी और 2024 में उन्हें आखिरी बार दौरा पड़ा था। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि घटना वाले दिन उन्होंने अपनी रेगुलर दवा ली थी या नहीं, क्योंकि चश्मदीदों के बयान इस बात को साबित करने के लिए पर्याप्त नहीं थे। सिंगापुर पुलिस ने अपनी रिपोर्ट में किसी भी तरह की साजिश या गड़बड़ी की आशंका से इनकार किया है।
गवाहों ने बताया- कई तरह की शराब पी थी
इस मामले की जांच के लिए कुल 35 गवाहों को बुलाया गया है, जिनमें यॉट पर मौजूद लोग, नाव का कैप्टन, पुलिस अधिकारी और पैरामेडिक्स शामिल हैं। जांच अधिकारी ने बताया कि पार्टी में जुबीन गर्ग समेत करीब 20 लोग मौजूद थे, जिन्होंने वहां स्नैक्स और शराब का सेवन किया था। कई गवाहों ने पुष्टि की है कि सिंगर ने काफी शराब पी रखी थी। एक गवाह के मुताबिक, उन्होंने वाइन, जिन और व्हिस्की के साथ-साथ गिनीज स्टाउट का भी सेवन किया था।

